कोसली। एसडीएम होशियार सिंह ने कहा कि अधिकारी विकास परियोजनाओं को समय पर पूरा कराकर आम जन को इसका लाभ दिलाएं। साथ ही आम जन से जुड़ीं समस्याओं का तत्परता से निपटारा करते हुए पीड़ित को अविलंब राहत पहुंचाएं। वे शुक्रवार को कोसली स्थित लघु सचिवालय में सभी विभागों के अधिकारियों की बैठक में योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे।
इससे पहले एसडीएम होशियार सिंह ने लघु सचिवालय में ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को अविलंब समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों से मेरी फसल मेरा ब्योरा, सोयल हेल्थ कार्ड, आत्मा स्कीम की जानकारी ली। वहीं पीडब्लूडी के जेई से आरओबी कोसली, अंडर पास और कोसली बाईपास सहित अन्य विकास परियोजनाओं की स्टेटस रिपोर्ट ली। उन्होंने कहा कि सीएम विंडो और सोशल मीडिया ग्रीवेंस ट्रैकर के माध्यम से प्राप्त होने वाली शिकायतों का भी त्वरित निवारण किया जाए। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री किसान एवं खेतीहर मजदूर सुरक्षा योजना, जलजीवन मिशन, जल शक्ति अभियान, मुख्यमंत्री परिवार उत्थान योजना सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को योजनाओं का त्वरित लाभ आम जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभागों से संबंधित योजनाओं को लेकर अपडेट रहें। सरकार और प्रशासन का प्रयास है कि अंतिम छोर पर बैठे पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ मिले। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश भी दिए। उन्होंने कहा कि सरल पोर्टल पर आरटीएस से जुड़ी सेवाओं को निर्धारित समय में समाधान किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रतिदिन प्रात: 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक कार्यालय में बैठकर आमजन की समस्याएं सुनते हुए समाधान करें। इस अवसर पर नायब तहसीलदार नाहड़ अस्तित्व पराशर, वन रेंज अधिकारी अभय सिंह यादव, सहायक खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी अमरजीत, सिंचाई विभाग के एसडीओ नंद किशोर, जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ गजराज, एचडीओ डॉ. रविंद्र कुमार, बीएओ डॉ. अजित सिंह जाखड, निरीक्षक खाद्य एवं आपूर्ति सत्यप्रकाश यादव, पीडब्लूडी के जेई युद्धबीर सिंह, सुपरवाइजर पिंकी शर्मा आदि उपस्थित थे।