रेवाड़ी। शहर में बस स्टैंड के सामने सर्कुलर रोड पर नई सड़क बनने के बाद लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। एक तरफ की सड़क बंद किए जाने से दूसरी तरफ की सड़क पर आवागमन चालू है। इसमें भी दुकानदारों के फुटपाथ पर अतिक्रमण कर लिया है जिससे पैदल चलने वालों की परेशानी बढ़ गई है।
दुकानदारों ने फुटपाथ तक अतिक्रमण कर लिया है। फुटपाथ का उपयोग दुकानदार अपनी दुकान चलाने के लिए कर रहे हैं। पैदल आने जाने वाले लोगों को सड़क से होकर गुजरना पड़ता है। एक ही साइड से ट्रैफिक का आवाजाही होने के कारण छोटे से लेकर बड़े वाहन यहीं से गुजरते हैं। हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है। पैदल जाने वाले लोगों के साथ हादसा होने का भी खतरा रहता है, क्योंकि एक ही मार्ग पर दोनों साइड से वाहन आते जाते हैं। यहीं से रोडवेज की बसें भी गुजरती है। अतिक्रमण हटाने को लेकर भी नगर परिषद की तरफ से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसी वजह से अतिक्रमण पनप रहा है। कई बार तो स्थिति इस प्रकार की बन जाती है कि पैदल आने जाने वाले लोगों के लिए जगह ही नहीं बचती है, क्योंकि जाम की वजह से दोनों साइड से वाहन सड़क पर आकर जमा हो जाते हैं।
नीरज, विकास, रामपाल ने बताया कि वह इसी मार्ग से पैदल रोजाना आते जाते हैं क्योंकि यहां से बस पकड़ी होती है। लंबे समय बाद सर्कुलर रोड बनाने का कार्य किया जा रहा है। अभी यह कार्य काफी लंबा चलने वाला है। अगर प्रशासन की तरफ से कोई व्यवस्था नहीं बनाई जाती है तो इसी प्रकार से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।