फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rewari News: जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो तो व्यापारियों को मिले राहत

Wed, 26 Feb 2025 12:44 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रेवाड़ी
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन


रेवाड़ी। शहर के विभिन्न बाजारों में नालों की समय से सफाई न होने के कारण बारिश के मौसम में जलभराव से व्यापारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जलभराव से दुकान पर ग्राहक नहीं आते हैं जिससे नुकसान होता है। व्यापारियों ने कहा कि जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था हो तो राहत मिले।
नगर परिषद प्रशासन आज तक नालों की सफाई को लेकर ठोस रणनीति नहीं बना पाया है जिससे कि बारिश के दिनों में बाजार में होने वाले जलभराव से छुटकारा दिलाया जा सके। शहर के अधिकांश बाजार में बने नाले गंदगी से अटे पड़े हैं। इनकी सफाई विशेषकर मानसून के दिनों में ही काम चलाऊ की जाती है। जब मानसून चरम पर होता है तो नालों की सफाई करने में भी काफी समस्या होती है। कई बार तो सफाईकर्मी इन नालों की सफाई करने से ही मना कर देते हैं। कारण यह होता है कि पूरे साल का कचरा इसमें जमा होता है। इसे साफ करने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है। बताया जाता है कि कई जगह नाले क्षतिग्रस्त भी हो गए हैं। अगर समय-समय पर नालों की सफाई और मरम्मत नगर परिषद कराता तो लोगों को समस्या ही नहीं आती। दुकानदारों ने बताया कि हर साल नालों की सफाई समय पर नहीं होती है, जिस वजह से मानसून के दिनों में जलभराव की समस्या से शहरवासियों को जूझना पड़ता है। जब नालों की सफाई होती है तो गाद भी समय पर नहीं उठाया जाता है।
विज्ञापन

कुछ समय की अगर बरसात हो जाए तो जगह-जगह क्षेत्र जनपद हो जाता है। शहर के बस स्टैंड, पुरानी सब्जी मंडी, कटला बाजार, रेलवे स्टेशन रोड, ऑटो मार्केट, नाईवाली चौक मार्किट, सती कॉलोनी के पास, शक्तिनगर पुराना और नया हाउसिंग बोर्ड के पास सहित शहर के अन्य बाजारों में जलभराव की समस्या रहती है।

बाजार में बने नए नालों की नहीं हुई कनेक्टिविटी

दुकानदारों ने बताया कि बाजार में नए नाले बनाए गए थे, जो अधूरे छोड़ दिए गए हैं। नालों की कनेक्टिविटी कहां पर है। वह आज तक बाजार के व्यापारियों को पता ही नहीं चल सका है। कुल मिलाकर खानापूर्ति की जाती है। जब नये नाले ही ठीक ढंग से नहीं बने होंगे तो पुराने नालों की स्थिति किस प्रकार की होगी। पिछले एक साल से शहर के नालों की सफाई नहीं हुई है।



वर्जन:

बारिश के मौसम में जलभराव होने के कारण दुकानदारी प्रभावित होती है। अगर नालों की सफाई समय पर हो और उचित प्रकार से हो तो काफी हद तक व्यापारियों की मुसीबत कम हो सकती है। मगर प्रशासन ध्यान नहीं देता है। बाजार में नालों की सफाई बहुत ज्यादा जरूरी है।-विकास, व्यापारी

नालों की सफाई अगर होती भी है तो उसका कोई खास परिणाम देखने को नहीं मिलता है। थोड़ी देर की बारिश से जलभराव हो जाता है। इसका उचित समाधान की जरूरत है। जलभराव के समय में सबसे अधिक समस्या होती है। जवाहर नागपाल, व्यापारी

बरसात होने पर दुकानदारी एकदम बंद हो जाती है। ग्राहक दुकान पर नहीं पहुंच पाता है। इससे दुकानदारों को मंदी का सामना करना पड़ता है। यह केवल अधूरे इंतजाम का नतीजा होता है इस पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।-अमित यादव, व्यापारी

हर साल जलभराव देखने को मिलता है। हमेशा आश्वासन दिया जाता है कि इस वर्ष बेहतर कार्य होगा। फिर भी स्थिति में कोई सुधार नहीं होता है। बरसात के दिनों में दुकानदारी इतनी ज्यादा खराब हो जाती है कि काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। फिर भी प्रशासन कोई विशेष योजना आज तक नहीं बना पाया है।-सुरेंद्र, वशिष्ठ व्यापारी
विज्ञापन

-

वर्जन:

नालों की सफाई हर साल कराई जाती है। इस वर्ष बेहतर तरीके से नालों की सफाई करवाई जाएगी। आमजनों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर परिषद रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम भी ला रहा है। इससे उन क्षेत्रों को फायदा होगा जहां पर सबसे अधिक जलभराव होता है।


पूनम यादव, चेयरपर्सन, नगर परिषद रेवाड़ी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें