रेवाड़ी। मौजूदा समय में वैष्णो देवी जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रेवाड़ी होते हुए जम्मू तक गाड़ी संख्या 14661 बाड़मेर-जम्मूतवी और गाड़ी संख्या 12413 अजमेर-जम्मूतवी एक्सप्रेस संचालित होती है। किसान आंदोलन की वजह से अभी बाड़मेर जम्मूतवी एक्सप्रेस केवल दिल्ली तक ही संचालित हो रही है। अजमेर - जम्मूतवी एक्सप्रेस ही रोजाना जम्मू के लिए जा रही है। इससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
अजमेर-जम्मूतवी एक्सप्रेस काफी लेट चलती है। यह ट्रेन करीब 7 घंटा 52 मिनट की देरी से रेवाड़ी पहुंची थी। ऐसे में यात्रियों के लिए समस्या कम नहीं है। दूसरी तरफ, जिन यात्रियों को पानीपत, अंबाला जाना होता है, वह इसी ट्रेन जाते थे, लेकिन अब यह ट्रेन जाखल धूरी लुधियाना होकर जम्मू के लिए चलती है। व्यवस्था पहले जैसे कब होगी, इसे लेकर भी अभी कुछ भी नहीं कहा जा सकता है क्योंकि किसान आंदोलन शंभू बॉर्डर पर अभी जारी है।
टैक्सी के माध्यम से जा रहे वैष्णो देवी धाम
विकास, राहुल आदि श्रद्धालुओं ने बताया कि वह हर साल वैष्णो देवी अपने परिवार के साथ जाते थे। अजमेर जम्मूतवी एक्सप्रेस थी, लेकिन अब यह ट्रेन अपने तय समय से काफी लेट चलती है। ऐसे में वैष्णो देवी जाने के लिए ट्रेनों का अधिक विकल्प नहीं है। इस वजह से वह इस बार टैक्सी के माध्यम से परिवार को लेकर वैष्णो देवी धाम जा रहे हैं। इससे खर्चा अधिक पड़ता है। हर किसी के लिए टैक्सी से वैष्णो देवी धाम की यात्रा कर पाना संभव नहीं है।
दिल्ली से पकड़नी पड़ती है अंबाला के लिए ट्रेन
शहर निवासी सुरेश ने बताया कि उसे हफ्ते में 3 दिन अंबाला जाना होता है। इसके लिए अधिकतर अजमेर जम्मूतवी एक्सप्रेस का ही सहारा लेते थे, लेकिन अब ये ट्रेन उस रूट से नहीं जाती है। इससे काफी समस्या होती है। यह ट्रेन सीधा अंबाला के लिए जाती थी। ऐसे में अब वह पहले दिल्ली तक जाते हैं, उसके बाद आगे के लिए ट्रेन पकड़नी पड़ती है।