रेवाड़ी। विजय दशमी पर 20 अक्तूबर को जिले में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने विशेष योजना तैयार की है। रावण दहन के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। रेवाड़ी शहर में मंगलवार शाम कार्यक्रम समाप्त होने तक रणबीर सिंह हुड्डा चौक से राजीव गांधी चौक और कंटेनर डिपो की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
वाहन चालकों को असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।
आयोजन स्थलों पर सादे कपड़ों में महिला और पुरुष पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसके अलावा पीसीआर और पुलिस राइडर्स लगातार गश्त करेंगे, ताकि असामाजिक तत्वों, हुड़दंगियों और जेबकतरों पर नजर रखी जा सके।
आयोजकों को सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने दशहरा आयोजन समितियों को निर्देश दिए हैं कि रावण दहन स्थलों पर समय रहते मजबूत बैरिकेडिंग की जाए। श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकासी के लिए अलग-अलग सुरक्षित रास्ते निर्धारित किए जाएं। आयोजन स्थल के नजदीक पार्किंग नहीं की जाएगा और वाहनों के लिए उचित दूरी पर पार्किंग स्थल बनाया जाएगा। इसके साथ ही अग्निशमन यंत्र, पर्याप्त पानी, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। स्वयंसेवकों को पहचान पत्र के साथ तैनात करने और प्रशासन की अनुमति की शर्तों का पालन करने के निर्देश भी दिए गए हैं।