आरोपियों को निशानदेही के लिए लेकर पहुंची पुलिस। स्रोत : वीडियो ग्रैब
- फोटो : Archive
रेवाड़ी। गांव गोकलपुर के पास हुए दोहरे हत्याकांड में गिरफ्तार तीन आरोपियों को क्राइम ब्रांच की टीम घटनास्थल और बुड़ाना चौक लेकर पहुंची। यहां पुलिस ने आरोपियों से वारदात से जुड़े घटनाक्रम की निशानदेही कराई। इस दौरान आरोपियों को देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस तीनों आरोपियों को पांच दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।
आरोपी न गांव चिरहाड़ा निवासी आशीष और गांव आसलवास निवासी धर्मपाल उर्फ सतपाल व सौरव है। पुलिस वारदात में उनकी भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस मामले में पुलिस पहले सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब तीन अन्य आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस वारदात से जुड़े घटनाक्रम और अन्य आरोपियों की भूमिका के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
गांव गोकलपुर के पास 21 अगस्त को गाड़ियों और बाइकों पर सवार होकर आए युवकों ने बाइक सवार तीन युवकों पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया था। इस घटना में गांव माढ़ैया कलां निवासी जतिन और गांव निगानियावास निवासी हिमेश की मौत हो गई थी, जबकि गांव बुड़ाना निवासी यशपाल घायल हो गया था।
आरोप है कि हमले के बाद जतिन और हिमेश को थार गाड़ी से भी कुचला गया था। बताया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान हुई कहासुनी के बाद वारदात को अंजाम दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, हिमेश के शरीर पर चोट के 18 और जतिन के शरीर पर चोट के 22 निशान मिले थे।