रेवाड़ी। गढ़ी बोलनी रोड स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने रविवार को शहर के सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों व मानिंद लोगों के साथ बैठक की। इसमें सभी से शहर को सुंदर बनाने के लिए सुझाव मांगे गए। इस मौके पर विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि 50 वर्ष में शहर की दुर्दशा पर कभी ध्यान नहीं दिया गया।
उन्होंने कहा कि अहीरवाल के लंदन के नाम से विख्यात रेवाड़ी का कायाकल्प करने के लिए हरसंभव कार्य किए जाएंगे। पीतल नगरी को स्वच्छ के साथ सुंदर बनाने के लिए सामाजिक संगठनों व आमजन का सहयोग भी जरूरी है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाकर जल्द ही अतिक्रणमुक्त शहर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि रेवाड़ी शहर एक ऐतिहासिक नगरी होने के साथ-साथ कई मायनों ने अपना एक स्थान बनाए हुए है, लेकिन पिछले 50 वर्ष से रेवाड़ी जिनके हाथों में रही, उन्होंने कभी भी इस शहर की दुर्दशा पर ध्यान नहीं दिया। इसके चलते यह ऐतिहासिक शहर अपनी पहचान खोता चला गया।
विज्ञापन
उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों से आह्वान किया कि हम सभी को मिलकर रेवाड़ी को एक सुंदर एवं विकसित शहर बनाना है। शहर में अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा। इसमें व्यापारी सहयोग करें। अतिक्रमण के चलते जाम की समस्या भी लगातार बनी रहती है। अतिक्रमण हटवाकर व ट्रैफिक लाइटों को दुरुस्त बनाने के बाद जाम की समस्या का समाधान स्वत: ही हो जाएगा। पार्किग के लिए कई साइटों का चयन किया गया है, जिस पर जल्द ही कार्य शुरू किया जाएगा। शहर के विभिन्न बाजारों में लगने वाली रेहड़ियों के लिए भी स्थान निर्धारित किया जाएगा।
बैठक में प्रोजेक्टर के माध्यम से शहर में जगह-जगह बने अस्थायी कूड़ाघरों तथा जाम लगने वाले प्वाइंटों को चिह्नित किया गया। साथ ही इन समस्याओं के निदान को लेकर सभी से सुझाव भी लिए गए। विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि बैठक में प्राप्त हुए सुझावों एवं समाधान को लेकर संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश देकर जल्द से जल्द अमलीजामा पहनाया जाएगा।