रेवाड़ी। अग्रवाल वैश्य समाज युवा इकाई की तरफ से समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने वाले एडवोकेट नितेश अग्रवाल को प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त किया गया है। यह निर्णय समाज के प्रदेश अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला द्वारा संगठन को सशक्त एवं युवा नेतृत्व को प्रोत्साहित करने की दिशा में लिया गया है।
एडवोकेट नितेश अग्रवाल हाल ही में भाजपा के जिला प्रवक्ता के पद पर नियुक्त हुए हैं तथा वे पिछले कई वर्षों से समाज के साथ जुड़कर समाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेते रहे हैं। वे अग्रवाल वैश्य समाज की युवा इकाई में बतौर जिला अध्यक्ष भी कार्य कर चुके हैं।
प्रदेश प्रवक्ता बनाए जाने पर एडवोकेट नितेश अग्रवाल ने प्रदेश अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला व समाज के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों का हृदय से आभार व्यक्त किया और कहा कि वे समाज के उत्थान हेतु हर स्तर पर कार्य करने को प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को समाज सेवा से जोड़ने के लिए वे पूरे प्रदेश में जागरूकता अभियान चलाएंगे। उनकी इस नियुक्ति पर संगठन के अनेक पदाधिकारियों, समाज के गणमान्य लोगों, अधिवक्ताओं ने उन्हें बधाई भी दी।