रेवाड़ी। दिल्ली रोड स्थित ग्रीन पार्क कॉलोनी में पुरानी आरडब्ल्यूए (रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन) का कार्यकाल पूरा होने के बाद नई आरडब्ल्यूए का सर्वसम्मति से गठन किया गया। इस दौरान कॉलोनी के निवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और नई कार्यकारिणी के गठन में अपना सहयोग दिया।
बैठक में सर्वसम्मति से रवि यादव उर्फ एडवोकेट रविंद्र कुमार को प्रधान चुना गया। इसके अलावा सुरेंद्रपाल यादव को उपप्रधान, विक्रम पहल को सचिव, यतेंद्र यादव को कोषाध्यक्ष और ईशु चावला को सह सचिव नियुक्त किया गया। वहीं अश्वनी और शर्मिला यादव को भी कार्यकारिणी में जिम्मेदारी दी गई।
कमेटी सदस्यों के रूप में नवल सिंह, सुनील यादव, हेमचंद और राजीव चौहान को सर्वसम्मति से मनोनीत किया गया। नई आरडब्ल्यूए के गठन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के युवा प्रदेशाध्यक्ष निखिल यादव मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने नवनिर्वाचित प्रधान, उपप्रधान, सचिव, सह सचिव, कोषाध्यक्ष और अन्य सदस्यों को पगड़ी व फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया।
इस दौरान उन्होंने नई टीम को कॉलोनी के विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने और क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए मिलकर काम करने की प्रेरणा दी। निखिल यादव ने कहा कि आरडब्ल्यूए कॉलोनी के विकास और सामाजिक समरसता को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
यदि सभी निवासी एकजुट होकर कार्य करें तो कॉलोनी की मूलभूत सुविधाओं में सुधार और विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने नई कार्यकारिणी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर कॉलोनी के कई गणमान्य और मौजिज व्यक्ति भी मौजूद रहे।
सभी ने नई आरडब्ल्यूए का स्वागत किया और कॉलोनी के विकास कार्यों में सहयोग करने का भरोसा दिलाया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कॉलोनी की साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए मिलकर कार्य किया जाएगा।