अधिकारियों की बैठक लेते एसडीएम रविंद्र यादव।
- फोटो : Rewari
रेवाड़ी। जिला सचिवालय सभागार में वीरवार को एसडीएम रविंद्र यादव ने जिले के राजकीय व प्राइवेट स्कूल संचालकों के साथ बैठक की। बैठक में एसडीएम ने स्कूल संचालकों को स्कूलों में सुरक्षा के दृष्टिगत सभी आवश्यक प्रबंध करवाने के निर्देश दिए ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।
एसडीएम ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्कूल बस का संचालन निर्धारित मानकों को पूर्ण कराते हुए किया जाए। स्कूल वाहन के प्रत्येक ड्राइवर व उसके सहायक का पुलिस द्वारा सत्यापन कराया जाए। स्कूलों में समय-समय पर स्वास्थ्य जांच के लिए कैंप का आयोजन करवाएं। बच्चों को स्कूल वाहन से लाने के लिए निर्धारित स्थलों का ही चयन किया जाए। बच्चों के लिए प्राथमिक उपचार की सुविधा भी स्कूलों में उपलब्ध कराएं।
एसडीएम ने निर्देश दिए कि स्कूलों में लगाए जाने वाले बिजली से संबंधित उपकरण आईएसआई मार्क के हों। उन्होंने निर्देश दिए विद्यार्थियों की समय-समय पर मॉकड्रिल कराई जाए और उन्हें बचाव के बारे में प्रशिक्षण भी दिया जाए। पानी की टंकियों की सफाई करवाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि स्कूल वाहनों में सुरक्षा के दृष्टिगत सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। इसके साथ ही स्कूल प्रबंधक को निर्देशित किया गया कि वाहनों में जीपीएस सिस्टम अवश्य लगाएं, जिससे किसी भी बच्चे के घर पहुंचने के बारे में वाहन को जीपीएस से ट्रेस कर सही जानकारी दी जा सके। स्कूल के वाहनों में अग्निशमन, मेडिकल किट, आपातकालीन द्वार आदि सभी मानकों को पूर्ण कराया जाए।