रेवाड़ी। देश की आजादी की 75वीं वर्षगांठ को आजादी का अमृत महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। इसे और ऐतिहासिक बनाने के लिए सरकार ने 75 करोड़ सूर्य नमस्कार के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों को स्मरण करने, राष्ट्र चेतना जागृत करने का निर्णय लिया है। उक्त बातें डीसी यशेंद्र सिंह ने कहीं हैं। वह सूर्य नमस्कार कार्यक्रम से संबंधित अधिकारियों की बैठक में बोले रहे थे।
डीसी ने बताया कि 75 करोड़ सूर्य नमस्कार के लिए सरकार द्वारा हरियाणा योग आयोग को नोडल एजेंसी बनाया गया है। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए जिला खेल अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आयुष विभाग, योग शिक्षकों की अहम भूमिका रहेगी। इस कार्यक्रम में विभिन्न योग संगठनों, पतंजलि योगपीठ, जियो गीता परिवार, भारत स्वाभिमान ट्रस्ट, पतंजलि येग समिति, महिला पतंजलि योग समिति, आर्ट ऑफ लिविंग, भारतीय योग संस्थान, दिव्य योग मंदिर, हार्टफुलनेस संस्थान, ब्रह्मकुमारी परिवार, गीता परिवार को भी आमंत्रित किया गया है। इस अवसर पर डीडीपीओ एचपी बंसल, सीएमजीजीए अमन वालिया, डॉ. बसंत, राकेश कुमार, युदवीर सिंह आदि उपस्थित रहे।
विद्यार्थियों का अधिक से अधिक पंजीकरण कराने के निर्देश
डीसी ने बताया कि कार्यक्रम के तहत 12 जनवरी, 26 जनवरी, 7 फरवरी, 12 फरवरी व 20 फरवरी को सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित कर सूर्य नमस्कार जिलावासी करेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए वेबसाइट पर व्यक्तिगत एवं संस्थागत पंजीकरण करवाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि वे स्कूल के बच्चों के अधिक से अधिक पंजीकरण करवाएं।