रेवाड़ी। नगर परिषद रेवाड़ी चुनाव में इस बार वार्ड नंबर 27 सबसे ज्यादा चर्चा में बना हुआ है। इसकी वजह यहां का अनोखा चुनावी समीकरण है जहां पारिवारिक रिश्ते ही आमने-सामने चुनावी ताल ठोक रहे हैं। पार्षद पद के लिए सास-बहू और देवरानी-जेठानी के बीच सीधा मुकाबला है।
वार्ड-27 में निर्दलीय उम्मीदवार राजबाला अपनी ही चचेरी सास कुसुम के खिलाफ चुनावी मैदान में हैं। सास-बहु जोर शोर से चुनाव प्रचार में जुटी हैं। इसी तरह जहां देवरानी सविता और उनकी जेठानी सुनील कुमारी भी निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में आमने-सामने हैं। प्रत्याशी घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर रही हैं और अपने पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश कर रही हैं।
इन उम्मीदवारों ने चुनावी प्रतिस्पर्धा में पारिवारिक रिश्तों का तड़का लगा दिया है। हालांकि दोनों पक्षों का कहना है कि चुनाव अपने स्थान पर है और पारिवारिक रिश्ते अपनी जगह कायम हैं।
मतदाता बोले- छवि के आधार पर देंगे वोट
वहीं इस वार्ड के मतदाताओं का कहना है कि एक ही परिवार के कई सदस्य चुनाव लड़ रहे हैं तो वोट किसको दें निर्णय लेने में समस्या हो रही है। लेकिन फिर भी उम्मीदवारों के काम और छवि के आधार पर निर्णय लेंगे
चुनाव में सभी उम्मीदवार विकास के मुद्दों को प्राथमिकता दे रहे हैं। सड़क, सफाई, पेयजल, सीवर और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाएं प्रमुख मुद्दे बने हुए हैं। सभी प्रत्याशी इन समस्याओं के समाधान का भरोसा दिला रहे हैं और जनसमर्थन जुटाने में लगे हुए हैं।
मुकाबला चर्चा का बना विषय
वार्ड-27 का यह मुकाबला रेवाड़ी में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सभी की नजर परिणामों पर टिकी है कि इस अनोखी सियासी जंग में आखिर जीत किसके हिस्से आएगी।