रेवाड़ी/ कोसली। सालों से बंद हरियाणा एक्सप्रेस का संचालन रोहतक के सांसद डॉ. अरविंद शर्मा सोमवार को हरी झंडी दिखाकर शुरू करेंगे। बीकानेर मंडल के वरिष्ठ डिविजन वाणिज्यिक प्रबंधक ने पत्र जारी कर इसकी जानकारी दी।
बता दें कि यह रेलगाड़ी सिरसा से कोसली होते हुए दिल्ली तिलकब्रिज पहुंचेगी। सांसद डॉ. अरविंद शर्मा ने बताया कि सिरसा- दिल्ली के बीच चलने वाली नई हरियाणा एक्सप्रेस पिछले ढाई दशक से बंद चल रही थी। सोमवार को सुबह 6:15 बजे कोसली स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर दिल्ली के लिए रवाना की जाएगी। क्षेत्र के लोग पिछले ढाई दशक से दिल्ली के लिए सुबह सवारी गाड़ी कि मांग करते आ रहे हैं। अब तक क्षेत्र के लोगों को आश्वासन मिलते आ रहे थे। बता दें कि सांसद अरविंद शर्मा के प्रयासों से सैनिकों की खान कहे जाने वाले कोसली व आसपास के क्षेत्र हजारों की संख्या में सैनिकों व पूर्व सैनिकों को इसका लाभ मिलेगा। प्रत्येक दिन सैकड़ों लोग कोसली से दिल्ली आर्मी बेस अस्पताल सहित अन्य कार्यों के लिए जाते हैं। उल्लेखनीय है कि ढाई दशक पूर्व मीटर गेज से ब्रांड गेज करते समय हिसार- दिल्ली के बीच चलने वाली एक्सप्रेस को बंद कर दिया गया था। उसके बाद से क्षेत्र के लोग बराबर मांग करते आ रहे थे, लेकिन लोगों को केवल आश्वासन ही मिलता रहा। क्षेत्र में हरियाणा एक्सप्रेस का संचालन होने पर खुशी की लहर है। इस दौरान कोसली विधायक लक्ष्मण सिंह यादव व पूर्व मंत्री बिक्रम ठेकेदार सहित अन्य लोग भी मौजूद रहेंगे। रेल संचालन को लेकर कई संगठनों की ओर से सांसद का आभार जताया गया है।
सांसद रोहतक डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि रोहतक का सांसद बनने के बाद कोसली क्षेत्र के लोगों ने यह मांग रखी थी। रेलवे मंत्री से मिलकर इस रेलगाड़ी के संचालन को सिरे चढ़ाया गया, ताकि लोगों को सुविधा मिल सके। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सैनिकों की मांग को पूरा करने में देरी नहीं करते हैं। जैसे ही कोसली की मांग दिल्ली तक पहुंची, इसको मंजूरी मिल गई। क्षेत्र के सैनिकों, पूर्व सैनिकों के परिवारों व अन्य लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।