रेवाड़ी। जिला प्रशासन की ओर से मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। लोकगीतों से वोट डालने के लए प्रेरित किया जा रहा है। स्वीप गतिविधियों के लिए एडीसी अनुपमा अंजलि बतौर नोडल अधिकारी कार्य करते हुए गतिविधियों के सफल आयोजन की मॉनीटरिंग कर रही हैं।
जिले के प्रत्येक मतदाता को प्रेरित और जागरूक करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए एक-एक मतदाता तक पहुंच कर उनके वोट की महता और लोकतंत्र के महापर्व के बारे में जानकारी दी जा रही है। जिले में मतदाता जागरूकता वाहनों द्वारा तीनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं को ‘म्हारो कहणो-वोट देणो’ व ‘मतदाता जब पहुंचे बूथ, लोकतंत्र करे मजबूत’ जैसे स्लोगन, नारों व टैगलाइन व उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करने एवं मतदान से संबंधित प्रक्रिया को सुलभ रूप से समझाया जा रहा है। सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग व जिला प्रशासन रेवाड़ी की ओर से मतदाता जागरूकता वाहनों पर प्रचार सामग्री लगाई गई है।
प्रचार वाहन द्वारा बावल, कोसली व रेवाड़ी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों में मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है। रोडवेज बसों पर लगने वाली मतदाता जागरूकता प्रचार सामग्री मतदाताओं को अपनी ओर आकर्षित करते हुए लोकतंत्र के महापर्व में मतदान करने के लिए जागरूक कर रही है।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल हुड्डा ने कहा कि प्रशासन की ओर से लोकसभा आम चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए गुरुग्राम लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बावल व रेवाड़ी विधानसभा क्षेत्र तथा रोहतक लोकसभा क्षेत्र में आने वाले वाले कोसली विधानसभा क्षेत्र में गतिविधियां से जारी हैं। इसके अलावा स्वीप गतिविधियों के तहत विभिन्न विभागों की ओर से डोर-टू-डोर संपर्क करते हुए, मुनादी करवाकर, मतदाता जागरूकता शपथ दिलाकर, व्याख्यान, हस्ताक्षर अभियान, मानव श्रृंखला, रंगोली, नुक्कड़ नाटक व लोकगीतों के माध्यम से शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है।