वैक्सीन लगवाने के लिए केंद्र में लगी लोगों की भीड़।
- फोटो : Rewari
रेवाड़ी। जिले में बुधवार को मेगा टीकाकरण अभियान का समापन हो गया। अंतिम दिन केंद्रों पर वैक्सीन लगवाने के लिए लोगों की भीड़ रही। टीकाकरण के अंतिम दिन शाम 7 बजे तक 18250 लोगों का टीकाकरण हो चुका था। इसके बाद देर शाम तक टीकाकरण जारी रहा।
जिले में बुधवार को 63 केंद्रों पर कोरोनारोधी टीकाकरण जारी था। इससे पहले मेगा अभियान के दौरान पिछले दो दिनों में 55 हजार से ज्यादा लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा चुका है। इससे पहले स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेगा अभियान के पहले दिन 35 हजार से अधिक ने टीकाकरण कराया था। मंगलवार को दूसरे दिन 20 हजार से अधिक लोगों का टीकाकरण हो चुका था। लोगों ने अपना आधार कार्ड साथ लेकर केंद्र पर जाकर टीकाकरण कराया। 18 वर्ष से अधिक आयु का नागरिक जिसने अभी तक पहला टीका नहीं लगवा पाए वह बिना किसी पंजीकरण कराए नजदीकी केंद्र पर जाकर टीकाकरण कराया गया।
-----------
बावल में दिखी अव्यवस्था, बिना वैक्सीन लगवाए लौटे कई लोग
बावल। मोहल्ला खटीकान में आयोजित वैक्सीनेशन शिविर अव्यवस्था की भेंट चढ़ गया। स्वास्थ्यकर्मी 600 वैक्सीन के फर्स्ट डोज लेकर पहुंचे थे। आयोजकों और लोगों की लापरवाही के कारण 100 ही डोज लग सकी। लोगों की भीड़ बेकाबू हो गई थी। स्वास्थ्यकर्मियों ने बताया कि कोई इंतजाम नहीं किए गए थे। पुलिसकर्मी भी भीड़ को नियंत्रित नहीं कर पाए और बेकाबू भीड़ के सामने वे असहाय नजर आए। आलम ये रहा कि ज्यादातर महिलाएं घंटों लाइन में लगने के बाद बिना वैक्सीन लगवाए घर लौट गईं।