फोटो : 15रेलवे स्टेशन पर जांच करते पुलिस टीम। स्रोत : पुलिस
रेवाड़ी। शुक्रवार को राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय समारोह का आयोजन नई अनाज मंडी में होगा। एक हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी सुरक्षा के लिए जिले में तैनात रहेंगे। जिले में कानून व्यवस्था एवं शांति की दृष्टि से 5 इंटरस्टेट नाके सहित अलग-अलग जगह 31 नाके स्थापित किए गए हैं।
इनका मुख्य उद्देश्य समारोह स्थल व गुरुग्राम, दिल्ली की तरफ जाने वाले भारी वाहनों एवं अनाधिकृत भीड़ को रोकना है। सुरक्षा को लेकर लगाए गए पुलिस नाकों के द्वारा संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है और आने जाने वाले संदिग्ध को चेक किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि
स्वतंत्रता दिवस समारोह स्थल नई अनाज मंडी रेवाड़ी, बावल व कोसली में व्यापक तौर पर सुरक्षा के प्रबंध किए गए हैं। पब्लिक प्रवेश द्वार पर मेटल डोर डिटेक्टर लगाए गए हैं।
दोपहर डेढ़ बजे तक वाहनों पर रहेगा रोक
14 अगस्त शाम 5 बजे से 15 अगस्त दोपहर डेढ़ बजे तक गुरुग्राम, दिल्ली जाने वाले भारी मालवाहक वाहनों के जाने पर रोक लगाई गई है। जिला पुलिस ने सभी भारी मालवाहक वाहन चालकों से अपील की है कि वह 15 अगस्त को दोपहर डेढ़ बजे तक एनएच-48 का प्रयोग करके गुरुग्राम-दिल्ली की तरफ यात्रा करने से परहेज करें। अधिक आवश्यकता होने पर एनएच-352 का प्रयोग करें। जिला पुलिस द्वारा जयपुर से दिल्ली, गुरुग्राम जाने वाले भारी वाहनों को एनएच-48 से एनएच-352 पर डायवर्ट किया गया है।
होटल, ढाबे, धर्मशाला और पीजी पर विशेष निगरानी
जिले में स्थित सभी होटल, धर्मशाला, पीजी और ढाबों पर निरंतर चेकिंग की जा रही है। बाहरी व्यक्तियों की पहचान, उनके ठहरने की जानकारी एवं गतिविधियों का रिकॉर्ड संबंधित पुलिस थानों को दिया जा रहा है। पुलिस की विशेष टीमें इन स्थलों पर दिन-रात निगरानी कर रही हैं।