रेवाड़ी। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर मंगलवार की रात दूध से भरे टैंकर की केबिन में आग लग गई। आग लगने के बाद चालक ने कूद कर जान बचाई। सूचना के बाद रात को फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया। टैंकर में आग लगने का कारण शार्ट-सर्किट माना जा रहा है। धारूहेड़ा थाना पुलिस जांच कर रही है।
दमकल विभाग के अनुसार मंगलवार की रात को एक चालक दूध से भरा टैंकर लेकर जयपुर से धारूहेड़ा की ओर आ रहा था। हाईवे पर सांवरिया होटल के निकट अचानक टैंकर की केबिन में आग लग गई। आग लगने के बाद चालक टैंकर को हाईवे पर ही छोड़ कर भाग गया। डायल-112 के जरिए दमकल टीम को टैंकर में आग लगने के बारे में पता लगा।
सूचना के बाद दमकलकर्मी गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचे और करीब आधे घंटे में आग पर काबू पाया। आग के कारण टैंकर की केबिन जल गई। सूचना के बाद धारूहेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को मौके पर टैंकर का चालक नहीं मिला। पुलिस टैंकर के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार मालिक का पता लगाने का प्रयास कर रही है।