कोसली। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) हुसैनपुर की तरफ से आयोजित एचआईवी एड्स जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम खंड नाहड़ के क्लस्टर झाल में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय झाल सहित चार निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कुल पांच गैर सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने पोस्टर निर्माण, चित्रकला तथा वाद-विवाद जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं में सहभागिता की। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को एचआईवी और एड्स से संबंधित सही जानकारी, बचाव के उपाय तथा समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने का संदेश दिया गया।
संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन डायट प्रतिनिधि डॉ. निरन पाल की ओर से किया गया। कार्यक्रम विद्यालय के प्राचार्य राजेंद्र सिंह की उपस्थिति में संपन्न हुआ। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए कहा कि सही जानकारी और सकारात्मक सोच से ही इस बीमारी के प्रति भय और गलत धारणाओं को समाप्त किया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की गई और भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।