रेवाड़ी। शहर में वीरवार को तापमान चढ़ कर 44.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं न्यूनतम 27.8 डिग्री दर्ज किया गया है। बुधवार के मुकाबले वीरवार को पारा बढ़ने से लोग काफी बेचैन दिखे। बुधवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री था। वहीं न्यूनतम 27 डिग्री पहुंच गया। इससे पहले दो दिन तक तापमान में गिरावट चल रही थी। तेज गर्मी के चलते लोगों ने बाहर निकलने से परहेज किया जिससे दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।
जो लोग घर से बाहर निकले, वो दिन के समय गर्मी से बचने के लिए ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लेते नजर आए। कोई टोपी लगाए नजर आया तो कई मुंह व सिर पर गमछा बांधे नजर आए। हालांकि शाम को सूर्य ढ़लने के साथ लोगों पार्कों की तरफ रुख किया, जिससे पार्कों में थोड़ी चहल पहल नजर आई। लगातार पड़ रही भीषण गर्मी के कारण हीट स्ट्रोक की संभावना भी बढ़ गई है। ऐसे में चिकित्सकों की ओर से आमजन को बेवजह बाहर नहीं घूमने तथा घर से बाहर निकलते समय सिर पर कपड़ा या टोपी पहने की सलाह दी जा रही है। डाक्टरों की सलाह है कि हीट स्ट्रोक से बचने के लिए तेज धूप में बाहर न ही निकले तो बेहतर है। इसके अतिरिक्त नियमित तौर पर पेय पदार्थों का सेवन करते रहें।
14 मई तक मौसम रहेगा खुश्क
बावल कृषि अनुसंधान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डॉ. धर्मबीर यादव ने बताया कि राज्य में 14 मई तक मौसम आमतौर पर गर्म व खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान दिन के तापमान में बढ़ोतरी तथा रात्रि तापमान में हल्की गिरावट होने की संभावना है। तापमान में बढ़ोतरी से वातावरण में अस्थिरता बनने से बीच बीच में हल्के बादल व धूलभरी पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है।