रेवाड़ी। शिक्षा विभाग की ओर से विद्यार्थियों और अध्यापकों को दिए गए टैबलेट चलाने में आ रही समस्याओं को दूर करने के लिए जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) हुसैनपुर में 23 सितंबर को एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
टैबलेट वितरण के नोडल अधिकारी डॉ. बीरसिंह ने बताया कि हमारे जिले में टैबलेट वितरण का कार्य शिक्षा विभाग ने डाइट हुसैनपुर को सौंपा था, जिसके प्रथम चरण में कक्षा 10 वीं और 12 वीं के विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों को 13883 टैबलेट वितरित किए गए जबकि द्वितीय द्वितीय चरण में इन दोनों कक्षाओं में असफल हुए विद्यार्थियों को पुन: दाखिला लेने पर 334 जबकि प्राध्यापकों को 123 टैबलेट बांटे गए। तृतीय चरण में कक्षा 11 वीं छात्राओं को 2799 जबकि प्राध्यापकों को 17 टैबलेट वितरित हुए।
इस संदर्भ में प्राचार्य सुभाष चंद्र बताते हैं कि बच्चों व प्राध्यापकों को टैबलेट चलाने में कुछ समस्याएं आ रही हैं इसलिए ई-अधिगम योजना में विद्यार्थियों व प्राध्यापकों को उपलब्ध कराए गए टैबलेट में मोबाइल डिवाइस मैनेजमेंट समुचित रूप से कार्य करें। इसके सत्यापन, जांच, आंकलन व उपयोग आदि की व्यवस्था को समुचित करने के उद्देश्य से सैमसंग इंडिया इलेक्ट्रॉनिक्स के विशेषज्ञों की टीम इस जिले के पीजीटी, कंप्यूटर विज्ञान, वोकेशनल टीचर को एक दिवसीय प्रशिक्षण देगी। इस कार्यक्रम में टैबलेट के संचालन को लेकर विभिन्न विद्यालयों से आ रही सभी समस्याओं/शंकाओं का समाधान होगा।
इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी के कार्यालय की ओर से विद्यालयों के मुखियाओं को यह स्पष्ट आदेश दिया गया है कि वे 23 सितंबर को अपने विद्यालयों में कार्यरत पीजीटी कंप्यूटर विज्ञान/ वोकेशनल टीचर/सिम उपलब्ध कराने वाले के साथ डाइट हुसैनपुर में पहुंचे। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शुरू हो जाएगा।
चौथा चरण 1 अक्तूबर से
इस कार्य का चौथा चरण एक अक्तूबर से जिले में शुरू होने जा रहा है, जिसके तहत 11वीं कक्षा में पढ़ रहे सभी छात्रों और शेष रह गईं छात्राओं को टैबलेट उपलब्ध करवाए जाएंगे।
नई शिक्षा नीति के तहत यह काम हो रहा है। डिजिटल एजुकेशन का लाभ सीधे छात्रों तक पहुंचे, इसके लिए यह कार्य किया जा रहा है। अभिभावकों को भी इस काम में सहयोग करते हुए अपने बच्चों के टैबलेट के सही उपयोग को सुनिश्चित करना होगा, तभी इसका समुचित लाभ मिल सकेगा।
- डॉ बीर सिंह, नोडल अधिकारी, टेलबेट वितरण योजना।