भिवाड़ी। कोटकासिम के भोजराजका गांव में खेत में बाजरे की बालियां इकट्ठा कर रहे किसानों पर नकाबपोश लोगों ने धारदार हथियारों, लाठियों और कुल्हाड़ियों से हमला कर दिया। इस हमले में दो किसानों, हरपाल और उनके बेटे बलवंत को गंभीर चोटें आईं है। हमलावरों ने न केवल मारपीट की बल्कि 50 हजार रुपये की नकदी भी लूट ली और फरार हो गए।
हमले में घायल बलवंत ने बताया कि 7-8 नकाबपोश व्यक्ति तीन मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए। ये लोग धारदार हथियार, लकड़ी, डंडे और कुल्हाड़ियों से लैस थे। उन्होंने खेत में काम कर रहे हरपाल और बलवंत पर अचानक हमला कर दिया।
बलवंत के हाथ पर कुल्हाड़ी से वार किया गया जिससे उनका हाथ फ्रैक्चर हो गया और तीन-चार टांके आए। वहीं हरपाल के सिर, हाथ, पैर और पेट पर गंभीर चोटें आईं।
हमले के दौरान हरपाल से 50 हजार रुपये छीन लिए जो उन्होंने यादराम से बैंक का ब्याज चुकाने के लिए उधार लिए थे। आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों के आने पर हमलावर दो मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर भाग गए। पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिल, एक फोन, गौरव का पैन कार्ड और लाठी-डंडों से भरा एक कट्टा जब्त किया।
पीड़ित ने कोटकासिम थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए मांग की है कि आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। कोटकासिम थाना अधिकारी नंदलाल सिंह जांगिड़ ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।