फोटो : 18विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ जागरूक करते टीम। स्रोत : पुलिस
रेवाड़ी। पुलिस की विशेष नशा मुक्ति टीम ने सरकारी स्कूल नयागांव, घुड़कवास और मुंढलिया का दौरा किया। निरीक्षक रामपाल ने इस दौरान छात्रों और ग्रामीणों को बताया कि नशा किस तरह व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज को बर्बाद कर देता है।
उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आर्थिक रूप से कमजोर बना देती है और धीरे-धीरे उसकी जीवन यात्रा को संकट में डाल देती है।
किसी भी परिस्थिति में नशे के संपर्क में न आएं और अपने आसपास यदि कोई व्यक्ति नशे का सेवन करता है तो उसे समझाएं और रोकें।
यदि किसी को नशा बेचने या सप्लाई करने वाले की जानकारी हो तो वह हेल्पलाइन नंबर 1933 या डायल 112 पर निसंकोच सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पता गुप्त रखा जाएगा।
निरीक्षक रामपाल ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति की समस्या नहीं बल्कि पूरे समाज के लिए अभिशाप है। इसे जड़ से खत्म करने के लिए सामाजिक आंदोलन की आवश्यकता है। समाज का हर नागरिक यदि नशा मुक्त समाज बनाने की दिशा में योगदान दे तो यह लक्ष्य आसानी से हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी परिवार में कोई सदस्य नशे की लत से जूझ रहा है तो उसे डांटने या अलग करने की बजाय समझाएं और प्रेरित करें।