रेवाड़ी। साइबर थाना पुलिस ने एक युवती को पार्सल में ड्रग होने का डर दिखाकर 17 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में एमपी के जिला इंदौर के चंदन नगर निवासी इस्लाम खान को गिरफ्तार किया है। इस्लाम खान के खाते में ठगी के 10 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
एसपी कार्यालय की तरफ से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करने वाली पत्थर घटी बाजार निवासी एक युवती ने अपनी शिकायत में बताया था कि उसके पास 15 नवंबर 2024 को अनजान नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने उसे बताया कि उसका 96 हजार रुपये का प्रीपेड पार्सल रिजेक्ट हो गया है।
पार्सल में ड्रग पाई गई है। उसने फोन करने वाले को बताया कि यह पार्सल उसका नहीं है तो फोन करने वाले ने कहा कि इसमें सब डिटेल उसकी हैं। वह पार्सल उसका होने से मना नहीं कर सकती। आरोपी ने उसकी साइबर सेल को कॉल ट्रांसफर करने की बात कहते हुए किसी अन्य व्यक्ति से बात कराई। उसे पार्सल में ड्रग होने का डर दिखाकर स्काईप ऐप डाउनलोड कराई गई।
उसके बैंक व अन्य डिटेल हासिल किए गए। इसके बाद उसे लगातार एप के जरिए कॉल पर उलझाए रखा। उससे पूछा गया कि बैंक खाते में कितना बैलेंस है। उसे उसके बैंक खातों से गैर कानूनी ट्रांजेक्शन होने का डर भी दिखाया गया। उसके बैंक खाते में 1.60 लाख रुपये थे। इसके बाद उसका बैंक बैलेंस 17 लाख रुपये से अधिक हो गया।
युवती ने बताया कि आरोपी ने एप के जरिए उसके बैंक से लगभग 16 लाख रुपये का पर्सनल लोन पास करवाकर उसके खाते में जमा करा दिया। इसके बाद में उसके खाते से 17 लाख रुपये निकाल लिए गए। ठगी का एहसास होने पर युवती ने थाने में एफआईआर दर्ज करवाई।