हरियाणा के रेवाड़ी में बावल में दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित जयसिंहपुर खेड़ा बॉर्डर के समीप शुक्रवार की सुबह एक ट्रॉला चालक ने निजी बस में टक्कर मार दी। इसके बाद बस यहां खड़ी पिकअप गाड़ी से टकरा गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी लोग बस से चाय पीने के लिए उतरे थे। इस दौरान बस सवार 4 यात्री भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान नई दिल्ली के करोल बाग निवासी अख्तर अली (42) पुत्र मुनीर अली और मध्य प्रदेश के जिला इंदौर निवासी सिराजुद्दीन कादरी के रूप में हुई है। पुलिस ने सिराजुद्दीन के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। वहीं, अख्तर अली के शव को परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही ट्राला चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस को दी शिकायत में राजस्थान के जिला अलवर के गांव ततारपुर निवासी आबिद अली ने बताया कि वह बस में परिचालक है। उसकी बस जयपुर से दिल्ली सवारी लेकर जा रही थी। जयपुर से बस रात के करीब साढ़े 12 बजे रवाना हुई थी। बस समय पर ही चल रही थी। अलसुबह बस को कुछ समय के लिए रोका था ताकि सवारियां नाश्ता आदि कर सकें। अभी उतरकर लोग जा ही रहे थे कि पीछे से राजस्थान नंबर प्लेट की एक तेज रफ्तार ट्राला चालक आया और उसने बस को टक्कर मार दी।
देखते ही देखते तेज रफ्तार ट्राला चालक ने दो सवारियों को भी कुचल दिया। इससे मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई और कुछ सवारियां घायल हो गईं। बस के आगे एक पिकअप गाड़ी भी खड़ी हुई थी। परिचालक आबिद अली का कहना है कि टक्कर लगने की वजह से बस पिकअप से टकरा गई। इस दौरान पिकअप में बैठे लोगों को भी चोटें आई हैं। टक्कर लगने की वजह से पिकअप भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है।
ट्राला छोड़कर भागा चालक
हादसे के बाद लोगों ने डायल 112 को सूचना दी। इस पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, तब तक चालक ट्राला लेकर भाग गया था। पुलिस ने इस दौरान ट्राले का पीछा किया। पकड़े जाने के डर की वजह से चालक बीच रास्ते में ही ट्राला छोड़कर भाग गया। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चालक को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा, फिलहाल कार्रवाई जारी है।
अभी उतरने ही वाले थे कि हो गया हादसा
अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचे घायलों ने बताया कि वह अभी बस में ही बैठे थे। चाय पीने के लिए निकलने ही जा रहे थे कि जोरदार धमाका हुआ। मालूम चला कि ट्राला ने बस को टक्कर मार दी है। फिलहाल बस में बैठी सभी सवारियां और घायल खौफ में हैं।
कोहरे की वजह से हादसे की आशंका
मौजूदा समय में सुबह के समय कोहरे का भी प्रकोप देखने को मिल रहा है। आशंका जताई जा रही है कि कोहरे की वजह से ही यह हादसा हुआ है। दुर्घटना स्थल के पास ही चाय की दुकान चलाने वाले अनिल ने कहा है कि सुबह के समय अक्सर कोहर रहता है। हाईवे होने की वजह से यहां पर काफी तेज गति से वाहन चलते हैं। हर साल ऐसे हादसे देखने को मिलते हैं। इसका कारण केवल कोहरा ही होता है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो दो लोगों की मौत हो चुकी थी। अख्तर अली के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में बस के परिचालक की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
-कर्ण सिंह, जांच अधिकारी