कोसली। कोसली-नांगल पठानी मार्ग के किनारे लगे बिजली के खंभे लोगों की शिकायत के बाद भी नहीं हटाए गए हैं। इससे लगता है कि जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी किसी बड़ी घटना के इंतजार में हैं। खंभे की वजह से कई बार हादसे भी हो चुके हैं। स्थानीय लोग मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से भी कर चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की जा सकी है।
मार्केटिंग बोर्ड की ओर से कोसली-नांगल पठानी मार्ग बनवाई गई है। सड़क निर्माण के दौरान बोर्ड की ओर से बिजली के खंभे नहीं हटाए गए थे। इनमें से कई खंभे तो सड़क के मध्य से काफी नजदीक हैं। इससे रात के समय यहां कभी भी बड़ा हादसा हाे सकता है। आसपास के ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से लेकर दोनों विभागों के अधिकारियों से खंभे हटाने की गुहार तक लगा चुके हैं। स्थानीय निवासी पूर्व सैनिक अमरजीत यादव, विपिन, रिषभ, शशिकांत आदि ने बताया कि कोसली गांव से नांगल पठानी मार्ग पर कई बिजली के खंभे लगे हैं। इनमें अधिकतर सड़क के मध्य भाग से करीब हैं। रात के समय कई बार वाहन चालक इससे टकरा कर घायल हो चुके हैं। बार-बार शिकायत के बाद भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। विभागीय अधिकारी किसी बड़ी घटना के इंतजार में हैं। इसे लेकर आसपास के ग्रामीणों में भारी रोष है। इसे तुरंत ही हटाया जाना चाहिए।
वर्जन
खंभों को हटाने के लिए बिजली निगम को कई बार अवगत करवा दिया गया है। विद्युत निगम कोसली कार्यालय के अलावा कार्यकारी अभियंता कोसली से भी संपर्क किया जा चुका है। जल्द ही खंभों को हटवा दिया जाएगा। किसी को भी परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
-राजसिंह, जेई मार्केटिंग बोर्ड ,कोसली