रेवाड़ी। हमारा परिवार संस्था की ओर से शनिवार को हरियाली तीज पर सांस्कृतिक कार्यक्रम जीवन हर दिन एक उत्सव का आयोजन पंजाबी धर्मशाला में किया गया। इस अवसर पर विविध सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य अतिथियों ने अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व जिला आईएमए अध्यक्ष डॉ. नीरज यादव, एडवोकेट राजकुमार जलवा (पूर्व खंड शिक्षा अधिकारी), संस्था संयोजक दिनेश कपूर, डॉ. यादव ने कहा कि तीज का पर्व भारतीय संस्कृति की जड़ों से जुड़ा हुआ है, जो आपसी भाईचारे, प्रेम, और जीवन में मिठास का सुंदर संदेश देता है।
उन्होंने बताया कि इस पर्व पर हरियाली में बेटियां घरों के आंगन में झूले झूलती हैं, और लोकगीतों व भगवान शिव के भजनों से वातावरण भक्तिमय हो जाता है।
इस दौैरान वरिष्ठ समाजसेवी आदर्श राजपाल, प्राचार्य महेश यादव, शिक्षाविद् डॉ. बालवीर अग्रवाल और संस्था के प्रधान अरुण गुप्ता ने पतंग उड़ाने के प्रतीकात्मक संदेश पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, जैसे पतंग उड़ाने में हवा की दिशा का ध्यान रखना होता है, वैसे ही जीवन में सही दिशा को पहचान कर आगे बढ़ना चाहिए।