रेवाड़ी। प्राकृतिक चिकित्सा दिवस पर गांव करनावास स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में साहित्यकार मुकुट अग्रवाल की रचित पंचतत्व प्रार्थना गीत के दृश्य-श्रव्य प्रारूप का लोकार्पण किया गया।
करनावास के दादी-सती मंदिर और हनुमान-मंदिर प्रांगण में स्थापित योग साधना आश्रम के महंत योगाचार्य योगेंद्र ब्रह्मचारी और ग्राम करनावास के सरपंच अशोक कुमार ने कहा कि इस गीत में प्रकृति के पंचतत्वों की चिकित्सकीय महत्ता सरल काव्य के माध्यम से बताई गई है। आचार्य योगेंद्र ने मानव मात्र के उत्तम शारीरिक, मानसिक व आध्यात्मिक विकास के लिए प्रार्थना-गीत को प्रेरणादायक बताया। मुकुट अग्रवाल द्वारा रचित इस प्रार्थना-गीत को जिले के प्रसिद्ध संगीतकार मुरारीलाल सोनी द्वारा संगीत एवं स्वरबद्ध किया गया है।
इससे पूर्व भी स्वीप की शृंखला में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए युवा साहित्यकार मुकुट अग्रवाल द्वारा रचित गीत मेरा इक वोट तो, मेरा अधिकार है का विमोचन जिला की अतिरिक्त उपायुक्त एवं स्वीप की नोडल अधिकारी अनुपमा ने किया था। महाराणा प्रताप जयंती पर दूजा नहीं प्रताप सा.. गीत का विमोचन समिति के अध्यक्ष नरेश चौहान राष्ट्रपूत ने किया था। इस अवसर पर संगीतकार मुरारी लाल सोनी, रामप्रसाद यादव, निर्मला देवी, सुलोचना देवी, सुदेश, कमलेश, मंजू, भागवंती उपस्थित रहे।