कार्यक्रम के दौरान पौध रोपण करते डीएफओ। स्त्रोत: ग्रामीण
रेवाड़ी। गांव बूढ़पुर में मंत्रोच्चार के बीच राव मोहर सिंह जैव विविधता पार्क एवं अमृत सरोवर के निर्माण कार्य का भूमि पूजन और नींव पत्थर स्थापना कार्यक्रम संपन्न हुआ।
वन मंडल अधिकारी दीपक नंदा ने कहा कि ग्राम पंचायत और ग्रामीणों के सहयोग से वन विभाग क्षेत्र के विकास और हरियाली बढ़ाने के प्रयासों को धरातल पर उतारेगा। उन्होंने कहा कि पार्क को प्राकृतिक सुंदरता के साथ आधुनिक सुविधाओं से विकसित किया जाएगा जिससे यह क्षेत्र के लिए मिसाल बनेगा और आसपास के गांवों को भी इसका लाभ मिलेगा। ग्रामीणों ने समय पर पौधरोपण, ट्री-गार्ड लगाने और सिंचाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए वन विभाग के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में भगवत सेवा आश्रम दड़ोली के स्वामी अभय देव महाराज मुख्य अतिथि तथा बाबा धुनिदास महाराज मंदिर के सचिन दास महाराज विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में सरपंच प्रतिनिधि सोनू यादव, पूर्व चेयरमैन करण सिंह राजाजी, पूर्व सरपंच हुकम सिंह, हेमचंद ठेकेदार, हेडमास्टर प्रहलाद सिंह, मास्टर हरदयाल, डॉ. योगेश कुमार, सेवानिवृत्त एसडीओ फूल सिंह, धनराज पंच सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।