रेवाड़ी। महेंद्रगढ़ से रेवाड़ी आ रही एक निजी बस से वेगन-आर कार में सवार तीन-चार युवकों ने एक युवक को उतार लिया। इसके बाद उसे गाड़ी में डालकर ले गए और उसके साथ जमकर करने के बाद रामपुरा पुलिस थाने के पास फेंककर फरार हो गए।
पुलिस ने मूंदी के सरपंच के भाई सहित तीन-चार अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज करने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। घायल युवक को ट्रॉमा सेंटर में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। अपहरण की सूचना के बाद पुलिस सक्रिय हो गई। नाकेबंदी करते हुए कार की तलाश शुरू की गई, लेकिन आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सके।
पुलिस को दी शिकायत में नांगल मूंदी निवासी राजेश ने बताया कि उसका बेटा अमित एक प्राइवेट अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ में लगा हुआ है। राजेश अपने बेटे को मंगलवार शाम ड्यूटी पर जाने के लिए बस स्टैंड छोड़कर गया था। इसके बाद अमित ड्यूटी पर नहीं पहुंचा। इसी दौरान रामपुरा थाना पुलिस को सूचना मिली कि एक वेगन-आर कार में सवार तीन-चार युवकों ने प्राइवेट बस रुकवाकर हरिनगर फ्लाईओवर के पास एक युवक का अपहरण कर लिया है। कार का नंबर मिलने के बाद पुलिस ने पता किया तो कार मूंदी के सरपंच अनिल के भाई नवीन के नाम पंजीकृत मिली। नवीन गुरुग्राम की शीतला कॉलोनी में रहता है। वह गांव आया हुआ था। सरपंच ने अपने भाई को फोन किया तो उसका नंबर बंद मिला।
-
वर्जन:
जानकारी मिली थी कि निजी बस में सवार एक युवक का कार में सवार युवकों ने अपहरण कर लिया है। जांच में कार के नंबर के आधार पर मूंदी के सरपंच के भाई का नाम सामने आया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
- सब इंस्पेक्टर मनीष कुमार, जांच अधिकारी