रेवाड़ी। सुहागिन महिलाओं का खास पर्व करवाचौथ 9 अक्तूबर को मनाया जाएगा। इसकी तैयारियों में महिलाएं जुट गई हैं। करवाचौथ को लेकर बाजार में साड़ियों, सौंदर्य प्रसाधन, आभूषण और करवा आदि की बिक्री हो रही है। डिजाइनर चूड़ियां और हल्के डिजाइनजर आभूषण महिलाओं को अधिक आकर्षित कर रहे हैं।
पति की दीर्घायु की कामना के साथ सुहागिनें करवाचौथ का व्रत रखती हैं। करवाचौथ पर महिलाएं सोलह शृंगार करती हैं। इसके चलते साड़ी से लेकर आभूषण तक की बिक्री बढ़ी है। इस बार भी आकर्षक कांच की रंग बिरंगी चूड़ियों और फैंसी बिंदी की मांग ज्यादा है। धातु के स्थान पर कांच के कड़े महिलाओं की पसंद बने हैं।
दुकानदारों का कहना है कि करवाचौथ पर अच्छी बिक्री होने की उम्मीद है। पहले करवाचौथ पर धातु के कड़े ज्यादा पसंद किए जाते थे लेकिन इस बार महिलाओं में कांच के कड़े पहली पसंद बने हुए हैं। इस बार नगों वाले हर कलर में साड़ी के रंगों से मैच करते कड़े, मल्टी कलर वाले कड़े बाजार में 50 रुपये से लेकर 500 रुपये तक उपलब्ध है। कांच के कड़े दिखने में सुंदर होने के कारण महिलाओं को आकर्षित कर रहे है।
नया बाजार निवासी कास्मेटिक विक्रेता नीरज कुमार, सुमन सैनी, लक्ष्मी यादव ने बताया कि प्लेन से लेकर डिजाइन चूड़ियां बिक रही हैं। सबसे ज्यादा जरकन वाली चूड़ी पसंद की जा रही है। इसके साथ ही नगों वाली चूड़ियां पसंद की जा रही हैं। फैंसी और आकर्षक बिंदी की मांग अधिक है। बाजार में 10 रुपये लेकर 500 रुपये तक की बिंदी उपलब्ध है।
-
मिट्टी के सजावटी कलश की होती है बिक्री
करवाचौथ पर बाजार में मिट्टी और स्टील के कलश की बिक्री अधिक होती है। मिट्टी के कलश के साथ सजावटी कलश भी इस बार बाजार में आए हुए हैं। मिट्टी का सामान्य कलश 30 रुपये और सजावटी कलश 80 रुपये में बिक रहा है। सजावटी कलश भी मिट्टी का बना है। उस पर कपड़े की आकर्षक सजावट की गई है।
चांदी के करवे की रहती है अधिक मांग
करवाचौथ पर चांदी के करवे की अधिक मांग रहती है। इसके साथ ही बिछिया, पायल, लॉकेट और विशेष करवा चौथ की थाली की भी काफी मांग है। फोटो लगी थाली और अन्य सामान की बिक्री भी खूब होती है। हालांकि, चांदी और सोने के दाम में वृद्धि हुई है लेकिन इसका बाजार पर कोई खास असर नहीं पड़ा है।