रेवाड़ी। धारूहेड़ा में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से जम्मू कश्मीर के जिला उदयपुर के गांव छापरी निवासी एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव में निगानियांवास निवासी सुरेश ने बताया कि उसने निगानियांवास में होटल खोल रखा है। 20 अगस्त की शाम को वह होटल के लिए सब्जियां खरीदने धारूहेड़ा गया था। वापस में बाइक से लौटते समय उसने देखा कि एक होटल के सामने दिल्ली की तरफ जाने वाले वाहन ने एक व्यक्ति को टक्कर मार दी। उसने बाइक रोककर तुरंत इसकी सूचना एंबुलेंस को दी। एंबुलेंस के माध्यम से घायल को शहर के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां पर डॉक्टर उसे मृत घोषित कर दिया। सुरेश ने बताया कि मृतक के जेब से मिले आधार कार्ड से पता चला कि मृतक गोविंद निवासी जम्मू- कश्मीर जिला उद्योग नगर गांव छापरी था। मृतक गोविंद अपने रिश्तेदारों के साथ रेवाड़ी जिले के गांव निगानियांवास में ही रहता था। मामले की जांच कर रहे सब इंस्पेक्टर सुंदरलाल ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।