संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। लघु सचिवालय सभागार में सोमवार को आयोजित समाधान शिविर में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रदीप कुमार ने एसडीएम रेवाड़ी सुरेश कुमार, सीटीएम जितेंद्र कुमार समेत अन्य अधिकारियों के साथ नागरिकों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने भाड़ावास पुल के नीचे भरे पानी की निकासी कराने का निर्देश दिया।
प्रदीप कुमार ने नैचाना गांव में जलनिकासी के लिए सड़क के दोनों नाला बनवाने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिया। भठेड़ा गांव में स्कूल की दीवार बनवाने के बाद मजदूरी न मिलने की शिकायत पर जिला शिक्षा अधिकारी को जांच कर मजदूरी दिलवाने के निर्देश दिया।
समाधान शिविर में शहर निवासी राजेंद्र की बुढ़ापा पेंशन नहीं बनने पर मौके पर बुढ़ापा पेंशन बनाई गई। सीईओ ने कहा कि एक छत के नीचे नागरिकों की शिकायतें दूर करने के लिए समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि समाधान शिविर में आई शिकायतों का तत्परता से समाधान सुनिश्चित करें। समाधान शिविर में परिवार पहचान पत्र में नाम दर्ज कराने, पेंशन, जमीनी विवाद, अवैध कब्जे, बिजली, पानी, रास्ते पक्का करवाने जैसी शिकायतें सामने आई।