संवाद न्यूज एजेंसी
कोसली (रेवाड़ी)। क्षेत्र के एक कस्बे में विवाहित युवती के साथ इंस्टाग्राम दोस्त ने एयरपोर्ट पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर कई बार दुष्कर्म किया। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित युवती ने बताया कि इंस्टाग्राम के जरिये उसकी दोस्ती मोबिंद नाम के युवक से हुई थी। युवक नौकरी लगवाने के बहाने उसे ससुराल से एक कैफे में ले गया और वहां उसके साथ गलत काम कर उसकी अश्लील फोटो ले ली। इसके बाद युवक 17 जुलाई को उसके ससुराल आया और अकेली देखकर उसके साथ जबरदस्ती संबंध बनाए। युवती ने बताया कि 3 जुलाई को युवक उसको एयरपोर्ट पर नौकरी दिलाने की बात कहकर उसे उसके ससुराल से गुरुग्राम बस स्टैंड लेकर चला गया और उससे 1 लाख 60 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद युवक बहाने बनाने लगा और उसे घर छोड़कर चला गया। इसके बाद मोबिंद अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर 50 हजार रुपये लेकर रेवाड़ी आने की बात कही। डर की वजह से वह पैसे लेकर रेवाड़ी चली गई जहां उसने 50 हजार रुपये ले लिए और डरा-धमका कर किराए के मकान में रखा। युवती ने आरोप लगाया कि युवक ने नौकरी लगवाने की बात कहकर उससे 1 लाख 63 हजार रुपये लिए और उसे दिल्ली में एक पीजी में रखा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।