समापन कार्यक्रम के दौरान एकजुट विद्यार्थी। स्रोत : प्रशासन
रेवाड़ी। भारतीय प्रबंधन संस्थान रोहतक के ग्रामीण सहभागिता कार्यक्रम के तहत जिले में आयोजित पांच दिवसीय क्षेत्रीय भ्रमण का शुक्रवार को समापन हुआ। कार्यक्रम के अंतिम दिन आईआईएम रोहतक के विद्यार्थियों ने उपायुक्त अभिषेक मीणा से मुलाकात की और पांच दिनों के दौरान किए गए क्षेत्रीय अध्ययन, विभिन्न संस्थानों के भ्रमण तथा संबंधित पक्षों के साथ हुए संवाद से प्राप्त अनुभव साझा किए।
विद्यार्थियों ने जिले के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों, सरकारी विभागों, पंचायत संस्थानों, स्वास्थ्य केंद्रों, पुलिस और अन्य संस्थानों के भ्रमण के दौरान किए गए प्रमुख अवलोकनों एवं जमीनी अनुभवों से उपायुक्त को अवगत कराया। उपायुक्त अभिषेक मीणा ने विद्यार्थियों के अनुभवों को विस्तार से सुना और जमीनी स्तर पर प्रशासन एवं विभिन्न संस्थानों की कार्यप्रणाली को समझने के उनके प्रयासों को प्रोत्साहित किया।
इसके बाद विद्यार्थियों ने एसडीएम बावल संजीव कुमार से मुलाकात की। इस दौरान प्रशासनिक कार्यप्रणाली, शिकायत निवारण व्यवस्था तथा नागरिकों की समस्याओं के समाधान से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। एसडीएम संजीव कुमार ने विद्यार्थियों को अपने कार्यों और समस्या समाधान मॉडल के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रशासन किस प्रकार नागरिकों की शिकायतों और स्थानीय समस्याओं को समझते हुए उनके प्रभावी समाधान की दिशा में कार्य करता है।