रेवाड़ी रेलवे स्टेशन का दोपहर के समय का दृश्य। संवाद
रेवाड़ी। जिले में शनिवार को उमस भरी गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया। सुबह से ही धूप और वातावरण में नमी के कारण लोग पसीने से तरबतर रहे। बादलों की आवाजाही के बाद भी बारिश नहीं होने से उमस और बढ़ गई, जिससे लोगों को दिनभर भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। छह जुलाई तक बारिश के आसार हैं।
सुबह के समय मौसम सामान्य रहा, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, धूप तेज होती गई और हवा में नमी बढ़ने से गर्मी असहनीय हो गई। दोपहर के समय बाजारों, बस स्टैंड और प्रमुख चौराहों पर निकलने वाले लोग पसीने से लथपथ नजर आए।
उमस के कारण घरों और कार्यालयों में भी लोगों को राहत नहीं मिल सकी। कूलर और पंखे भी गर्म हवा फेंकते नजर आए। कई स्थानों पर लोगों ने ठंडे पेय पदार्थ, शिकंजी, गन्ने का रस और नारियल पानी का सहारा लिया। दोपहर के समय बाजारों में भी अपेक्षाकृत कम भीड़ दिखाई दी, क्योंकि लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। मौसम विभाग के 6 जुलाई तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने की भी संभावना जताई गई है।
यह बदलाव मानसून की सक्रियता का संकेत है। बारिश होने से जहां गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं किसानों के लिए भी यह मौसम फायदेमंद साबित हो सकता है।
इन बातों का रखें ध्यान:
नागरिक अस्पताल के फिजिशियन डॉ. गौरव यादव का कहना है कि उमस भरे मौसम में शरीर से अत्यधिक पसीना निकलने के कारण पानी और आवश्यक लवणों की कमी हो सकती है। ऐसे में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, ओआरएस, नींबू पानी और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करना चाहिए। धूप में निकलते समय हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और सिर को ढककर रखने की सलाह दी गई है।