बावल। 51वीं जूनियर राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर लौटी गांव खंडोडा की बेटियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बावल विधायक डॉ. कृष्ण कुमार रहे। अनिल रायपुर व ब्लॉक समिति अध्यक्ष छत्रपाल विशेष रूप से शामिल हुए।
मुख्य अतिथि डॉक्टर कृष्ण कुमार ने राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर गांव खंडोड़ा की दो बेटियों पायल व साक्षी के अलावा अन्य खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
कोच राजेश यादव, मिथुन, अमन, जगबीर दहिया, जोगेंद्र व सोनू ने बताया कि महाराष्ट्र के वर्धा में आयोजित हुई 51वीं जूनियर राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में हरियाणा की टीम से खेलते हुए गांव खंडोड़ा की दो बेटियों पायल व साक्षी ने भी दमदार खेल का प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि हरियाणा की टीम ने फाइनल में पश्चिम बंगाल को 40-15 से हराकर खिताब अपने नाम किया। पूरे टूर्नामेंट में टीम ने एक भी मुकाबला नहीं हारा।
इसके अलावा दो लड़कों सुमित व तनुज ने हरियाणा टीम और गांव केशोपुर के एक लड़के दीक्षांत ने उत्तराखंड और तीन लड़कियों पूजा, डिंपल व अंशु ने चंडीगढ़ और दो लड़कियों प्रियांशी व मिली ने राजस्थान की टीम में अपना दमखम दिखाया। इन टीमों ने भी दमदार खेल दिखाया, मगर मेडल नहीं जीत सके।
2 साल से बाबा गोगाजी मंदिर के पास स्थित व्यायामशाला में खिलाड़ी करते हैं अभ्यास
गांव के राजेश कुमार ने बताया कि पिछले 2 साल से गांव के ही बाबा गोगाजी मंदिर के पास बनी व्यायामशाला में खिलाड़ियों का अभ्यास कराया जा रहा है। इस समय करीब 50 से 60 लड़के और 30 से 35 लड़कियां कबड्डी का अभ्यास करती हैं। खिलाड़ियों के लिए कोच की भी व्यवस्था की हुई है, जिसमें उनकी तरफ से हरसंभव सहयोग प्रदान किया जा रहा है। वह बच्चों को कबड्डी का प्रशिक्षण भी प्रदान करते हैं। उन्होंने बताया कि इस उपलब्धि से ग्रामीणों में खुशी है।
इन खिलाड़ियों को उपलब्धि मिली
लड़कियों में पायल, साक्षी, पूजा, अंशु, डिम्पल, मिली, प्रियांशी। लड़कों में सुमित, तनुज व केशोपुर से दीक्षांत शामिल है।