फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rewari News: मार्च में बढ़ी तपन, पारा पहुंचा 34.5 डिग्री

Sun, 15 Mar 2026 02:41 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रेवाड़ी
विज्ञापन
विज्ञापन
रेवाड़ी। मार्च में ही लोगों को तपन महसूस हो रही है। पिछले कुछ दिनों से तेज धूप और शुष्क हवाओं के कारण दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। शनिवार को भी सुबह से ही तेज धूप निकलने के कारण लोगों को दिन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को रेवाड़ी का अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे एक दिन पहले शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 17.4 डिग्री सेल्सियस रहा था। तापमान में हुई इस बढ़ोतरी के कारण दोपहर के समय गर्मी का असर ज्यादा महसूस किया गया।


धूप से बचने के लिए लोग कर रहे उपाय
तेज धूप के चलते दोपहर के समय बाजारों और मुख्य सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ देखने को मिली। जरूरी काम से घरों से निकलने वाले लोग धूप से बचने के लिए छांव का सहारा लेते नजर आए। कई लोग सिर पर कपड़ा या टोपी बांधकर घर से निकले जबकि कुछ लोग छतरी का इस्तेमाल करते दिखाई दिए। दुपहिया वाहन चालकों पर भी गर्मी का असर साफ दिखाई दिया। बाइक और स्कूटर चलाने वाले कई लोग चेहरे को कपड़े से ढककर चलते नजर आए। वहीं ठंडे पेय पदार्थों और जूस की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ बढ़ने लगी है।
विज्ञापन



आज से बदल सकता है मौसम
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार जल्द ही मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान के आसपास बना नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से 15 और 16 मार्च को रेवाड़ी जिले और आसपास के क्षेत्रों में मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना है। इस दौरान आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की भी संभावना जताई गई है। डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार 15 मार्च को बारिश की संभावना अपेक्षाकृत अधिक है जबकि 16 मार्च को उत्तरी जिलों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विभाग ने इस संभावित बदलाव को देखते हुए येलो अलर्ट भी जारी किया है।

किसानों को दी गई विशेष सलाह
मौसम विशेषज्ञ ने किसानों को भी मौसम में संभावित बदलाव को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने अपनी फसलों की कटाई कर ली है, वे अनाज को सुरक्षित स्थान पर रखें या तिरपाल से ढक दें ताकि बारिश या तेज हवाओं के कारण नुकसान से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आने वाले दिनों में तापमान में कुछ गिरावट देखने को मिल सकती है। इससे गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है और मौसम कुछ समय के लिए सुहावना बना रह सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें