नागरिक अस्पताल में ओपीडी की पर्ची कटवाने के लिए खड़े लोग। संवाद
रेवाड़ी। दिवाली के बाद हवा में बढ़े प्रदूषण का असर अब लोगों की सेहत पर दिखने लगा है। आंखों में जलन, गले में खराश, खांसी-जुकाम और सांस लेने में परेशानी की शिकायत लेकर लोग अस्पताल पहुंच रहे हैं। वीरवार को नागरिक अस्पताल की ओपीडी में 1460 मरीज पहुंचे। इनमें करीब 120 नए मरीज प्रदूषण से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं के थे।
चिकित्सकों के अनुसार खांसी-जुकाम के मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। ईएनटी विशेषज्ञ के पास प्रतिदिन औसतन 20 मरीज इन शिकायतों के साथ पहुंच रहे हैं। प्रदूषित हवा में मौजूद धूल और बारीक कण सांस के जरिये शरीर में पहुंचकर श्वसन तंत्र को प्रभावित कर सकते हैं।
इससे आंखों में जलन, नाक बहना, गले में खराश और लगातार खांसी जैसी परेशानी हो सकती है। बच्चों और बुजुर्गों के साथ पहले से सांस संबंधी बीमारी से पीड़ित लोगों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत है।
चिकित्सकों ने अस्थमा, सीओपीडी और हृदय रोगियों को प्रदूषण के बीच विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। प्रदूषण अधिक होने पर सुबह-शाम अनावश्यक बाहर निकलने से बचें। जरूरी काम से बाहर जाना पड़े तो मास्क पहनें। पर्याप्त पानी और गुनगुने तरल पदार्थों का सेवन करें। सांस लेने में परेशानी, लगातार खांसी या सीने में तकलीफ होने पर डॉक्टर से परामर्श लें।
खुद से दवा लेने से बचें : डॉ. गौरव
नागरिक अस्पताल के फिजिशियन डॉ. गौरव यादव के अनुसार, प्रदूषण के कारण होने वाली परेशानी को सामान्य खांसी-जुकाम समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। खासकर पहले से सांस और हृदय रोग से पीड़ित मरीज अपनी निर्धारित दवाएं नियमित लें। आंखों में जलन होने पर साफ पानी से आंखें धोएं और धूल-धुएं के सीधे संपर्क से बचें।