रेवाड़ी। सीहा स्थित राजकीय स्कूल में नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर हवन यज्ञ करते हुए। स्रोत:
रेवाड़ी। गांव सीहा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ हवन-यज्ञ और प्रवेश उत्सव से किया गया। इस अवसर पर कक्षा टॉपर्स का सम्मान और नए विद्यार्थियों का स्वागत किया गया। महंत स्वामी नरोत्तमदास महाराज के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वामी शंकर दास महाराज ने की। समाजसेवी विक्रम पांडे, सरपंच सरिता यादव तथा सामाजिक कार्यकर्ता नरेश भारद्वाज व प्रदीप यादव लुहाना ने विशिष्ट अतिथि के तौर पर शिरकत की। प्राचार्य सत्यवीर नाहड़िया ने स्वागताध्यक्ष की भूमिका निभाई।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त प्राध्यापक राजसिंह आर्य लुहाना की देखरेख में हवन-यज्ञ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वार्षिक परीक्षा परिणाम के कक्षा टॉपर्स के अलावा युवा संसद के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। युवा चेतना संगठन सीहा ने विद्यालय में प्रतिमाह विद्यार्थियों के लिए एक प्रोत्साहन कार्यक्रम करने की घोषणा की तथा सरपंच सरिता यादव ने विद्यालय में हर्बल पार्क बनवाने तथा मनरेगा से विभिन्न कार्य करवाने का आश्वासन दिया।
हिमालय सदन के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन समिति की ओर से शिक्षाविद रामकुमार ने ज्यादा से ज्यादा दाखिले करवाने की बात कही। हिंदी अध्यापक शक्ति सिंह के संचालन में आयोजित इस कार्यक्रम में वरिष्ठ प्राध्यापक प्रह्लाद सिंह ने शाब्दिक अभिनंदन किया। इस अवसर पर स्टाफ सचिव यशपाल आर्य, नरेश कुमार, रवि कुमार, प्रियंका, लक्ष्मी यादव, अनिल कुमार, पूनम, पुष्पा, नवीन कुमार, हनुमान तथा रेशमा को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया। प्राध्यापिका अलका ने सभी का आभार ज्ञापित किया।