कोसली रेलवे स्टेशन पर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते रोहतक सांसद डॉ. अरविंद शर्मा।
- फोटो : Rewari
कोसली। ढाई दशक का लंबा इंतजार आखिरकार सोमवार को समाप्त हो गया। 25 साल बाद हरियाणा एक्सप्रेस एक बार फिर से ट्रैक पर दौड़ने लगी है। रोहतक लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के सांसद डॉ. अरविंद शर्मा ने सोमवार को कोसली रेलवे स्टेशन से हरियाणा एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर दिल्ली के लिए रवाना किया।
बता दें कि हरियाणा एक्सप्रेस को दोबारा से शुरू करवाने के लिए स्थानीय लोग लंबे समय से संघर्ष कर रहे थे और आखिरकार उनका संघर्ष रंग लाया। इसके संचालन से हरियाणा और दिल्ली दोनों ही राज्यों के लोगों को फायदा होगा। ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष, कोसली विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, पूर्व मंत्री बिक्रम ठेकेदार, शारदा यादव व अन्य लोग मौजूद रहे।
सिरसा से चलकर दिल्ली तक जाएगी हरियाणा एक्सप्रेस
हरियाणा एक्सप्रेस रात करीब 2:00 बजे सिरसा से चलकर हिसार, हांसी, भिवानी होते हुए 6:15 पर कोसली रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी। 7:25 पर ट्रेन रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर ठहराव करने के बाद दिल्ली तिलकब्रिज के लिए रवाना होगी। हरियाणा एक्सप्रेस चलने से पूर्व सैनिकों व सैनिकों ने बड़ी राहत ली है। कोसली से सीधे दिल्ली तक जाने के लिए यह एक मात्र ट्रेन है। क्षेत्र के पूर्व सैनिकों व सैनिकों की ओर से सैकड़ों बार रेलवे को पत्राचार किया गया तथा अधिकारियों से भी मुलाकात की गई थी। राजनेताओं की ओर से भी हरियाणा एक्सप्रेस को फिर से शुरू करने को लेकर मजबूत पैरवी की गई थी। आखिरकार बीकानेर डिविजन को इस ट्रेन को फिर से शुरू करना पड़ा। जिले में रह रहे हजारों सैनिक एवं पूर्व सैनिकों के परिवार के लोगों को अक्सर दिल्ली स्थित बेस अस्पताल में जाना पड़ता है। इस ट्रेन के चलने से उनका यह सफर आसान होगा। इसके अतिरिक्त रेवाड़ी से दिल्ली जाने वाले दैनिक रेल यात्रियों के लिए भी यह ट्रेन किसी वरदान से कम नहीं।
रोहतक के सांसद डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि कोसली क्षेत्रवासियों की मांग 25 साल बाद पूरी हुई है। लंबे समय से इसकी मांग की जा रही थी। पूर्व की सरकारों ने लोगों को महज झूठे आश्वासन दिए। भाजपा की मोदी सरकार में इस ट्रेन का संचालन किया गया है। इससे सैनिकों व पूर्व सैनिकों सहित उनके परिवार व अन्य लोगों को बड़ी सुविधा होगी।