ट्रायल में भाग लेते अविराज वर्ल्ड स्कूल के विद्यार्थी ।
- फोटो : Rewari
रेवाड़ी। प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग की ओर से हैंडबाल नर्सरी के लिए खोरी के राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का चयन किया गया है। इसके लिए 15 अप्रैल को खोरी के खेल स्टेडियम में ट्रायल सुबह 8 बजे रखा गया है। उक्त जानकारी विद्यालय के नर्सरी प्रभारी प्राध्यापक कैलाश चंद्र ने दी है।
उन्होंने बताया कि उक्त नर्सरी के लिए चयनित खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण के साथ प्रतिमाह भोजन भत्ता दिया जाएगा। इसमें 8 से 14 वर्ष के खिलाड़ियों के लिए पंद्रह सौ रुपये तथा 15 से 19 वर्ष के चयनित खिलाड़ियों के लिए दो हजार रुपये भत्ता शामिल है। उन्होंने बताया कि विभाग के कोच बिजेंद्र कुमार, गांव के कोच शीतल श्योराण, विद्यालय के मेजर ध्यानचंद क्लब के अध्यक्ष प्राध्यापक सत्यबीर सिंह, स्टाफ सचिव मुकेश सैनी, उप सचिव रणधीर सिंह के संयोजन में संबंधित ट्रायल को अंतिम रूप दिया जाएगा। विद्यालय के प्राचार्य टेकचंद ने अभिभावकों तथा खिलाड़ियों से आग्रह किया है कि उक्त ट्रायल में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर हैंडबाल की इस नर्सरी को विकसित करने में अपना योगदान दें।
एथलेटिक्स के लिए अविराज वर्ल्ड स्कूल का चयन
रेवाड़ी। हरियाणा सरकार की ओर से खेलों को बढ़ावा देने के लिए जिले में 20 खेल नर्सरियां आवंटित की गई हैं। इसमें से एथलेटिक्स के लिए अविराज वर्ल्ड स्कूल का चयन हुआ है। सरकार की ओर से अनिल कुमार वुशु प्रशिक्षक एवं अमनदीप जूडो प्रशिक्षक ने विद्यालय में आकर खिलाड़ियों का ट्रायल लिया। नर्सरियों का उद्देश्य बच्चों में खेलकूद की भावना के साथ राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ियों का चयन करना है। विद्यालय परिवार ने भी सरकार का आभार जताया है। संवाद