धारूहेड़ा में सड़क पर बैठे गोवंश। संवाद
धारूहेड़ा। जिले में बेसहारा गोवंश के चलते होने वाले हादसों को लेकर लोगों में रोष बढ़ रहा है। प्रशासन गोवंश को पकड़ने का दावा तो कर रहा है लेकिन धारूहेड़ा क्षेत्र में स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। शहर की सड़कों और बाजार क्षेत्रों में बेसहारा गोवंशों का जमावड़ा लगा रहता है जिससे हादसे का डर बना रहता है।
धारूहेड़ा के नंदरामपुर बास रोड, भिवाड़ी रोड, मुख्य बाजार और दिल्ली रोड के आसपास बड़ी संख्या में बेसहारा गोवंश सड़कों पर घूमते और बैठे नजर आते हैं।
कई बार ये सड़क के बीचोंबीच खड़े हो जाते हैं, जिससे वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाने या रास्ता बदलने के लिए मजबूर होना पड़ता है। रात के समय सड़क पर बैठे गोवंश दिखाई नहीं देने के कारण हादसे का खतरा और बढ़ जाता है।
बेसहारा गोवंश की समस्या केवल यातायात व्यवस्था तक सीमित नहीं है। शहर में जगह-जगह खुले में पड़े कूड़े के ढेरों में गोवंश प्लास्टिक, पॉलिथीन और अन्य गंदगी खाते दिखाई देते हैं। इससे उनके स्वास्थ्य पर भी गंभीर असर पड़ने की आशंका रहती है। लोगों का कहना है कि खुले में कूड़ा डालने की समस्या पर भी प्रभावी कार्रवाई जरूरी है
स्थानीय नरेश व धीरज कुमार ने बताया कि नंदरामपुर बास रोड, भिवाड़ी रोड, दिल्ली रोड और मुख्य बाजार में अभियान चलाकर बेसहारा गोवंश को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए, ताकि हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।
सड़कों से बेसहारा गोवंश को हटाने के साथ उनके लिए उचित आश्रय और चारे की व्यवस्था की जाए। साथ ही खुले में कूड़ा डालने पर रोक लगाकर ऐसे स्थानों की नियमित निगरानी करने की मांग है।