अंतर महाविद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता के दौरान एकजुट खिलाड़ी। स्रोत : विवि
धारूहेड़ा। इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता (पुरुष एवं महिला वर्ग) का शुभारंभ बुधवार को राजकीय महाविद्यालय खरखड़ा में हुआ। इसका उद्घाटन हरियाणा सरकार के पूर्व ओएसडी अभिमन्यु यादव ने किया। महिला वर्ग में राजकीय महिला महाविद्यालय महेंद्रगढ़ ने राजकीय महिला महाविद्यालय बावल को हराया।
प्रतियोगिता में महिला वर्ग की विभिन्न महाविद्यालयों की 16 टीमों और पुरुष वर्ग की 8 टीमों ने भाग लिया। बुधवार को महिला वर्ग में राजकीय महिला महाविद्यालय महेंद्रगढ़ ने राजकीय महिला महाविद्यालय बावल को हराया। डीएवी महाविद्यालय कोसली ने राजकीय महाविद्यालय सतनाली को पराजित किया।
पुरुष वर्ग में राजकीय महाविद्यालय महेंद्रगढ़ ने राजकीय महाविद्यालय अटेली को तथा यदुवंशी डिग्री कॉलेज ने राजकीय महाविद्यालय खरखड़ा को हराया।
उद्घाटन के बाद अभिमन्यु यादव ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहकर खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। खेल न केवल शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं, बल्कि अनुशासन और टीम भावना का भी विकास करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. सुरजीत सिंह डबास, डॉ. एनके यादव तथा राजकीय महाविद्यालय खरखड़ा की प्राचार्या दयावती ने मुख्य अतिथि अभिमन्यु यादव सहित अन्य अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर खेल निदेशक डॉ. देवेंद्र ढाका सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।