रेवाड़ी। जिले के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में दाखिला प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी बड़ी संख्या में सीटें खाली रह गई हैं। आठ सरकारी आईटीआई में विभिन्न ट्रेडों की कुल 2916 सीटों में 929 सीटों पर विद्यार्थियों का दाखिला नहीं हुआ है। ऐसे में कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण निदेशालय ने दाखिला प्रक्रिया दोबारा शुरू करने के निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत 17 से 22 सितंबर तक नए पंजीकरण के साथ दाखिले किए जा सकेंगे।
निदेशालय की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार इस चरण में एनसीवीटी और एससीवीटी दोनों के तहत दाखिले होंगे। नए विद्यार्थियों के साथ पहले आवेदन कर चुके विद्यार्थियों को भी प्रवेश का अवसर मिलेगा।
हालांकि, दाखिला केवल उपलब्ध सीटों और निर्धारित पात्रता नियमों के अनुसार ही दिया जाएगा। वहीं एनसीवीटी के तहत केवल वर्तमान में रिक्त सीटों पर ही नए दाखिले किए जाएंगे।
पहले से दाखिला ले चुके एनसीवीटी प्रशिक्षुओं को इस विस्तारित अवधि के दौरान अपना दाखिला रद्द कराने या वापस लेने की सुविधा नहीं मिलेगी। वहीं, एससीवीटी के तहत दाखिले की अंतिम तिथि बढ़ाकर 29 सितंबर 2026 कर दी गई है।
आईटीआई में दाखिला प्रक्रिया जून माह में शुरू हुई थी। अंतिम तिथि कई बार बढ़ाए जाने के बावजूद सभी सीटें नहीं भर सकीं। विद्यार्थियों को प्रवेश के लिए तीन दौर की काउंसिलिंग का मौका दिया गया। इसके बाद संस्थान स्तर पर ओपन दाखिले भी किए गए, लेकिन इसके बावजूद कई ट्रेडों में सीटें रिक्त रह गईं। अब निदेशालय के निर्देश के बाद विद्यार्थियों को एक बार फिर दाखिले का मौका दिया गया है।
18 सितंबर तक करनी होगी इंस्ट्रक्टर मैपिंग
निदेशालय ने सभी राजकीय आईटीआई के प्रधानाचार्यों को निर्धारित समय सीमा में इंस्ट्रक्टर मैपिंग पूरी करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए संबंधित पोर्टल 18 सितंबर तक खुला रहेगा। सभी आईटीआई संस्थानों को समय सीमा के भीतर मैपिंग प्रक्रिया पूरी करने और निदेशालय के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
संस्थानवार कुल और रिक्त सीटों की स्थिति
संस्थान का नामकुल सीटेंरिक्त सीटें
राजकीय आईटीआई टांकड़ी17267
राजकीय आईटीआई बेरली272128
राजकीय आईटीआई खरखड़ा20083
राजकीय आईटीआई कोसली460175
राजकीय आईटीआई कुंड मनेठी484178
राजकीय आईटीआई रेवाड़ी52478
राजकीय आईटीआई सहारनवास24093
राजकीय आईटीआई महिला रेवाड़ी264127
वर्जन
रिक्त सीटों को भरने के लिए निदेशालय के निर्देशानुसार दोबारा दाखिला प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इच्छुक विद्यार्थी निर्धारित तिथि में पंजीकरण कर उपलब्ध सीटों पर दाखिला ले सकते हैं। सभी आईटीआई को प्रक्रिया समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।-सुरेंद्र सिंह, नोडल अधिकारी एवं प्राचार्य राजकीय महिला आईटीआई रेवाड़ी