कोसली। शहीद मेजर विकास यादव राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोसली में खंड नाहड़ स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन समग्र शिक्षा अभियान के तहत किया गया। इसमें छात्राओं ने विज्ञान और तकनीक से जुड़े मॉडल प्रस्तुत किए।
विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन तीन प्रारूपों पोस्टर मेकिंग, मॉडल प्रदर्शनी और ड्रामा रोल प्ले में किया गया। यह गतिविधियां सात प्रमुख विषयों पर आधारित रहीं। इनमें संपोषणीय कृषि, कचरा प्रबंधन, रोबोटिक्स, उभरती प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष विज्ञान, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विषय शामिल रहे।
प्रदर्शनी का अवलोकन खंड शिक्षा अधिकारी नाहड़ सुरेश कुमार ने लेखा सहायक दिनेश कुमार, नोडल अधिकारी अनूप सिंह के साथ किया।
खंड शिक्षा अधिकारी ने छात्राओं की ओर से तैयार किए गए मॉडल, पोस्टर और रोल प्ले की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत करने तथा अध्यापकों को सकारात्मक सोच के साथ इसी प्रकार मार्गदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की भूमिका विषय विशेषज्ञों के रूप में प्रवक्ता विक्रम सिंह, महेंद्र सिंह, लता भारती, मनीषा, रेणू कुमारी एवं रिचा आर्य ने निभाई। प्रत्येक प्रारूप में प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय प्राचार्य अनूप सिंह ने जिला स्तर पर चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें निरंतर प्रयास करते रहने के लिए प्रेरित किया। मंच संचालन इतिहास प्रवक्ता बाल योगेश्वर, गणित प्रवक्ता सुभाष एवं कृष्ण भारद्वाज ने किया।