रेवाड़ी। साइबर ठगों ने कस्टमर केयर अधिकारी बन एक युवती को अकाउंट अपडेट करने का झांसा देकर 18 हजार रुपये ठग लिए। ठगी का पता लगने के बाद युवती ने पुलिस को शिकायत देकर मुकदमा दर्ज कराया। शहर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ठगी का मामला मामला जनवरी का है तथा पुलिस ने मंगलवार को इस मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की है। पुलिस को दी शिकायत में यादव नगर निवासी शालू यादव ने कहा है कि उसका खाता सरकुलर रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक में है। उन्होंने इसी वर्ष पांच जनवरी को ऑनलाइन कुछ सामान मंगवाया था। इसके बाद उन्होंने आर्डर रद्द कर अपने रुपये वापस मंगवाने के लिए पंजाब नेशनल बैंक के कस्टमर केयर पर बात की थी। दूसरी ओर बात कर रहे केयर अधिकारी ने अकाउंट अपडेट करने के लिए कुछ जानकारी मांगी थी। युवती ने मांगी गई सभी जानकारी दे दी थी। जानकारी देने के बाद उनके खाते से पहली बार में दस हजार रुपये व दूसरी बार में आठ हजार 200 रुपये कट गए। शालू यादव ने अब पुलिस को मामले की शिकायत दी है। शहर थाना पुलिस ने युवती की शिकायत पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।