सीसीटीवी में कैद चोरी का आरोपी।
- फोटो : Rewari
रेवाड़ी। शहर के कटला बाजार स्थित एक ज्वेलरी की दुकान में चोरों ने शुक्रवार की रात को सेंध लगा दी। चोर दुकान से करीब चार किलोग्राम चांदी व एक मोबाइल चोरी कर ले गए। रात को चोरी का पता लगने के बाद भाड़ावास गेट चौकी पुलिस को सूचना दी गई। चोरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी की डीवीआर भी चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन कामयाब नहीं हो पाए। चोरी की यह वारदात सीसीटीवी में भी कैद हो गई। सीसीटीवी के आधार पर पुलिस आरोपियों का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में मोहल्ला स्वामीवाड़ा निवासी अश्वनी कुमार ने बताया कि उन्होंने कटला बाजार में ज्वेलरी की दुकान की हुई है। शुक्रवार की रात को करीब आठ बजे वह दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। रात को करीब ढाई बजे चौकीदार ने उन्हें सूचना दी कि दुकान के शटर पर लगा ताला टूटा हुआ है। सूचना के बाद वह मौके पर पहुंचे। दुकान के अंदर तोड़फोड़ की हुई थी और करीब चार किलोग्राम चांदी व मोबाइल गायब थे। रात को सूचना के बाद भाड़ावास गेट चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची। दुकान के टूटे हुए तालों के पास एक राड भी पड़ी मिली है। चोरों ने वारदात के सबूत मिटाने के लिए अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी उखाड़ कर अपने साथ ले जाने की कोशिश की, लेकिन वह कामयाब नहीं हो पाए। शहर थाना पुलिस ने अश्वनी की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी कैमरे से आरोपियों की पहचान का प्रयास कर रही है।