मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बावल में हरियाणा प्रगति रैली में 40 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के उद्घाटन व 112 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाली 14 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की आधारशिला रखी जाएगी। एम्स के निर्माण से जुड़ी सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी है। वहीं रेवाड़ी जिला के औद्योगिक विकास को देखते हुए लेबर कोर्ट की स्थापना तथा धारूहेड़ा में आने वाले गंदे पानी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रदेश सरकार ने आवश्यक धनराशि भी संबंधित प्राधिकरण को जमा करवा दी है।
हरियाणा प्रगति रैली में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जय प्रकाश दलाल, रैली के संयोजक एवं सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री ओमप्रकाश यादव, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, कोसली से विधायक लक्ष्मण सिंह यादव भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान की वजह से ही हमारा लोकतंत्र, शासन प्रणाली व संघीय ढांचा काम करता है। वर्ष 1949 में आज ही के दिन भारत ने अपना संविधान अंगीकार किया था। उन्होंने संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर व संविधान निर्मात्री सभा के सभी सदस्यों को नमन करते हुए कृतज्ञता प्रकट की। उन्होंने अमर शहीद राव तुलाराम की धरती दक्षिणी हरियाणा को नमन करते हुए आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में सभी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने रैली में रखी मांगों पर प्रशासनिक स्तर पर अध्ययन कराने के साथ ही सभी संभव मांगों को पूरा करने का भरोसा दिया। मुख्यमंत्री ने मेरा पानी-मेरी विरासत योजना का जिक्र करते हुए जनसमूह को जल संरक्षण के प्रति प्रेरित किया और मसानी बैराज का उदाहरण देते हुए कहा कि इस जल क्षेत्र में बरसाती पानी के भराव से क्षेत्र के जलस्तर में दो से तीन वर्षों के दौरान 10 से 15 फीट जलस्तर ऊपर आया है।
करीब 37 मिनट का संबोधन
करीब 37 मिनट के संबोधन के दौरान मुुख्यमंत्री ने धाराप्रवाह सरकार की विभिन्न योजनाओं व स्थानीय जनप्रतिनिधियों की विभिन्न मांगों पर खुलकर अपनी बात रखी। मुख्यमंत्री का बावल पहुंचने पर रैली के संयोजक एवं सहकारिता मंत्री ने डॉ. बनवारी लाल ने पगड़ी बांध व गदा भेंट कर स्वागत किया। वहीं केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जय प्रकाश दलाल व सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री ओमप्रकाश यादव का भी पगड़ी व स्मृति चिह्नों से स्वागत किया।
पिछड़ा वर्ग आरक्षण को लेकर केंद्र की तर्ज पर प्रावधान हो लागू : राव इंद्रजीत सिंह
केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने क्षेत्र के विकास की सबसे बड़ी परियोजना एम्स के निर्माण को लेकर हरियाणा सरकार के प्रयासों के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह करते हुए कहा कि इस परियोजना के निर्माण की प्रक्रिया आरंभ करने के लिए जल्द ही आधारशिला कार्यक्रम रखा जाए। उन्होंने ओबीसी आरक्षण को लेकर मुख्यमंत्री से केंद्र की तर्ज पर प्रदेश सरकार से भी प्रावधान लागू करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कृषि कानूनों को वापस लेने की घोषणा की है। इस इलाके के किसानों ने पहले भी बाहर आने वाले राजनीतिक तत्वों को क्षेत्र का भाईचारा न खराब करने का मशविरा दिया था। सबका साथ-सबका विकास के सिद्धांत पर कार्य कर रही है सरकार : डॉ.बनवारी लाल
हरियाणा प्रगति रैली रैली के संयोजक सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने जो संविधान हमें दिया है उसी संविधान कि कारण सभी गरीब, पिछड़े व कमजोर वर्ग के अधिकार सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जब से प्रदेश की बागडोर संभाली हैं तभी से सबका साथ-सबका विकास के सिद्धांत पर कार्य कर रहे हैं।
डॉ. बनवारी लाल ने बावल हलके के अन्य विकास कार्यों का मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत कि जिनमें लेबर कोर्ट, बावल बाईपास, गांवों के विकास कार्यों हेतू 15 करोड़ रुपये, किसान रेस्ट हाउस, अनाज मंडी में शेड सहित अन्य विकास कार्य करवाने की बात रखी।
किसानों के लिए किया सबसे ज्यादा काम : जेपी दलाल
प्रदेश के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जयपकाश दलाल ने कहा कि केंद्र व राज्य की वर्तमान सरकारों ने किसानों की भलाई के लिए जितने काम किए हैं उतने पहले की सरकारों ने कभी नहीं किए। दक्षिणी हरियाणा में पानी लाना, 90 प्रतिशत गांवों में 24 घंटे बिजली, मंडियों की व्यवस्था, फसलों के दाम, बाजरे को भावांतर भरपाई से जोड़ना सहित अन्य किसान हितैषी फैसले लिए गए हैं। वहीं राजकीय महिला कॉलेज को करीब 5 एकड़ निशुल्क जमीन देने पर मुख्यमंत्री ने जय कौशिक को सम्मानित किया।
इस अवसर पर हरियाणा प्रगति रैली में पूर्व शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा, कोसली से विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, हरको बैंक के चेयरमैन डॉ.अरविंद यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष हुकम चंद यादव, वरिष्ठ भाजपा नेता वीर कुमार यादव, पूर्व मंत्री विक्रम सिंह यादव, जसवंत बावल, सुनील मुसेपुर, सतीश खोला, संदीप जोशी, सीएम के राजनीतिक सचिव अजय गौड़, सीएम के ओएसडी गजेंद्र फौगाट, मीडिया को-आर्डिनेटर मुकेश वशिष्ठ, नगरपरिषद रेवाड़ी चेयरपर्सन पूनम यादव, भाजपा जिला महामंत्री ईश्वर चनेजा, सशवंत भारद्वाज, वंदना पोपली व अमर सिंह महलावत सहित जिला प्रशासन की ओर से आईजी एम रवि किरण, डीसी यशेंद्र सिंह, एसपी राजेश कुमार व एडीसी आशिमा सांगवान सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।