लोगों की समस्या सुनते विधायक डॉ. कृष्ण कुमार। संवाद
बावल। विधायक डॉ. कृष्ण कुमार ने खेल स्टेडियम में तैनात फुटबॉल कोच को नियमित रूप से खेल मैदान में तैनात करने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को कस्बे के लोक विश्रामगृह में विकास कार्यों को लेकर हुई समीक्षा बैठक में विधायक ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली।
विधायक ने अधिकारियों को आमजन के साथ सहयोगात्मक रवैया अपनाने और उनकी समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि अच्छा कार्य करने वाले अधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा जबकि लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान बाजार के दुकानदारों ने मालिकाना हक को लेकर अपनी समस्या रखी जिस पर विधायक ने आश्वासन दिया कि इस संबंध में जल्द ही कैबिनेट बैठक में प्रस्ताव पारित कराया जाएगा। आसपास के गांवों के सरपंचों ने भी श्मशान घाट के रास्ते, जोहड़ और नालियों को पक्का करने जैसी समस्याएं उठाईं जिन पर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष रमेश झाबुआ, महामंत्री निहाल सिंह चौकन, नपा उपप्रधान अर्जुन चौकन, एसडीएम मनोज कुमार, प्राचार्य नरेश यादव, एसएमओ डॉ. सीमा यादव सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।