दुकान पर मिठाइयों जांच करते खाद्य सुरक्षा अधिकारी।
- फोटो : Rewari
रेवाड़ी। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को डीसी यशेंद्र सिंह के निर्देश पर दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित बनीपुर चौक व बावल में 12 खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए। साथ ही बिना लाइसेंस खाद्य पदार्थ बनाने वाले पांच संचालकों को नोटिस भी दिए हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. सचिन ने बताया कि डीसी व रेवाड़ी एसडीएम के निर्देश पर खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए हैं। कुछ पदार्थों को डिस्पोज भी कराया गया है। इस दौरान घेवर व खोया के 9, दो मीठी मट्ठी व एक सैंपल फुल क्रीम दूध का भी लिया गया। डॉ. सचिन ने बताया कि प्रशासन के आदेश पर त्योहारी सीजन के चलते मिठाइयों के सैंपल लिए जा रहे हैं। कुछ स्थानों से मिलावट की भी शिकायत मिल रही थी। सैंपल लेने के बाद लैब में भेज जाएंगे, रिपोर्ट आने के बाद भी कार्रवाई की जाएगी। डॉ. ने बताया कि खाद्य पदार्थ बनाने का व्यवसाय करने के लिए वैध लाइसेंस जरूरी है। जांच के दौरान पाया गया कि कुछ लोग बगैर लाइसेंस ही खाद्य पदार्थ बना रहे थे, इनको नोटिस दिया गया है। जवाब मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। लोगों से भी अपील है कि परखने के बाद ही खाद्य पदार्थ खरीदें। यदि कमी लगे इसकी जानकारी खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को दी जा सकती है।